Welcome To The Jungle Box Office Collection: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की कॉमेडी-एक्शन फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. रिलीज के तीसरे दिन वीकेंड पर फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई की है, जिससे इसका ओपनिंग वीकेंड काफी शानदार रहा. इस फिल्म ने भारत में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. आइए जानते हैं, दुनियाभर में फिल्म ने कितना कमाया है.
अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ का वीकेंड ब्लास्ट
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है. रिलीज के बाद से ही यह फिल्म हर दिन नए-नए रिकॉर्ड बना रही है. धमाकेदार ओपनिंग के बाद रविवार को फिल्म की कमाई में शानदार उछाल आया है. तीन दिनों में इस फिल्म ने भारत में 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. बीते तीन दिनों से फिल्म डबल डिजिट में बिजनेस कर रही है. तीसरे दिन भी सिनेमाघरों में दर्शकों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली.
तीसरे दिन हुई छप्परफाड़ कमाई
‘वेलकम टू द जंगल’ का बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन हो रहा है. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, कॉमेडी फिल्म के तीसरे दिन यानी पहले रविवार को बॉक्स ऑफिस पर 10,867 शोज लगे, जिनसे करीब 24.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन हुआ. इस फिल्म को थिएटर में दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और रविवार को इसकी ऑक्युपेंसी करीब 41 फीसदी दर्ज की गई.
दुनियाभर में 100 करोड़ के करीब
अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने अपने पहले वीकेंड घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 63.75 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है और कुल ग्रॉस कलेक्शन 76.50 करोड़ रुपये हो गया. इससे पहले फिल्म ने शुक्रवार को 15.25 करोड़ रुपये और शनिवार को 20 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ कमाई की थी. वहीं, रिलीज से पहले पेड प्रीव्यू से भी फिल्म ने 3.75 करोड़ रुपये बटोरे थे.
2026 की तीसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर
‘वेलकम टू द जंगल’ साल 2026 की तीसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर बन चुकी है. इससे पहले ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ही इससे आगे रही हैं. लेटेस्ट ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि अक्षय कुमार की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के नए रिकॉर्ड बना सकती है.
‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए ये सितारे
बता दें कि इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, परेश रावल, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, विंदू दारा सिंह, दलेर मेहंदी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन और उर्वशी रौतेला जैसे कई सितारे हैं. यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है. इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने गाने ‘घिस घिस घिस’ में स्पेशल अपीयरेंस दी है.