जन्मदिन पर बिगड़ी जैस्मिन भसीन की तबीयत, अस्पताल में भर्ती हुईं; अली गोनी ने शेयर किया हेल्थ अपडेट

Jasmin Bhasin Hospitalised: टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन ने 28 जून को अपना 36वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया, जिसके लिए वह अपने पार्टनर अली गोनी के साथ दुबई पहुंची थीं. लेकिन जरूरी नहीं कि जैसा सोचा हो, हमेशा वैसा ही हो. जैस्मिन भसीन का बर्थडे सेलिब्रेशन उनके लिए दर्द बन गया. पार्टी में एंजॉय करने के बजाय उनका दिन अस्पताल में गुजरा. जैस्मिन भसीन अपने जन्मदिन के मौके पर दुबई के एक अस्पताल में भर्ती हुईं.

अली गोनी ने जैस्मिन भसीन के साथ एक पोस्ट शेयर की, जिसमें एक्ट्रेस हॉस्पिटल के बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं. इन तस्वीरों को देखकर फैंस काफी परेशान हो गए. इसके बाद अली गोनी ने एक्ट्रेस के अस्पताल में भर्ती होने की वजह बताई और हेल्थ अपडेट देते हुए एक लंबा-चौड़ा नोट शेयर किया.

अस्पताल में भर्ती हुईं जैस्मिन
एक्टर अली गोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर जैस्मिन के बर्थडे वाले दिन की तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह खराब तबीयत के बावजूद हिम्मत के साथ केक काटती हुई नजर आ रही हैं. बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस को वायरल इन्फेक्शन हुआ है. अली ने शेयर किया कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बेहद मुश्किल रहे हैं, लेकिन उन्होंने सभी के प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया अदा किया.

जन्मदिन मनाने आए थे दुबई
अली गोनी ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘जैस्मिन, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. हम यहां आपका जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. जन्मदिन की खुशियां मनाने के बजाय हम अस्पताल के कमरे में हैं. आपको तकलीफ में देखना इस ट्रिप का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा है. आपको फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए मैं किसी भी जश्न को छोड़ने के लिए तैयार हूं. अल्लाह आपको ढेर सारी खुशियां, अच्छी सेहत, प्यार और कामयाबी दे. जल्द ठीक हो जाओ, आज मेरे दिल में बस यही एक जन्मदिन की दुआ है. जन्मदिन मुबारक हो. हमेशा प्यार.’

अस्पताल में क्यों भर्ती हुई जैस्मिन?
वहीं, अली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा, ‘मुझे मैसेज और कॉल करने वाले सभी लोगों के लिए एक मैसेज. प्यार, दुआओं और मैसेज के लिए आप सभी का शुक्रिया. हम जैस्मिन का जन्मदिन मनाने दुबई आए थे, लेकिन जिंदगी की योजना कुछ और ही थी. वह अचानक बहुत बीमार पड़ गईं और गंभीर इन्फेक्शन की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. पिछले कुछ दिन बहुत मुश्किल और भावुक रहे हैं. अगर मैं आपके मैसेज का जवाब नहीं दे पाया या आपके कॉल का जवाब नहीं दे सका, तो माफ कीजिएगा. अभी मेरा पूरा ध्यान उनके साथ रहने पर है. उन्हें सबसे अच्छी देखभाल मिल रही है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं. कृपया उन्हें अपनी प्रार्थनाओं और दुआओं में याद रखें. इंशाअल्लाह, वह बहुत जल्द मुस्कुराती हुई वापस आ जाएंगी.’

अली गोनी-जैस्मिन भसीन 2020 से कर रहे हैं डेट
अली और जैस्मिन की मुलाकात 2018 में हुई थी. दोनों रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 9’ में 10 अन्य सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स के साथ शामिल हुए थे. अर्जेंटीना में शूटिंग के दौरान दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई, लेकिन 2020 में ‘बिग बॉस 14’ के दौरान दोनों को एक-दूसरे के लिए अपनी भावनाओं का एहसास हुआ और उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया. दोनों कई सालों से साथ हैं. अली और जैस्मिन अक्सर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साथ में छुट्टियों की तस्वीरें शेयर करते रहते हैं.