रामपुर। इंटरनेट मीडिया से हुए प्रेम ने जाति और धर्म के बंधन को तोड़ दिया। छत्तीसगढ़ की अलीशा ने रामपुर आकर प्रेमी जोगेंद्र के साथ विवाह किया और अदिति बन गई। स्वजन छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ उसे लेने भी आए, लेकिन हिंदू संगठन ने उसे ले जाने नहीं दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जांच पड़ताल की और युवती के बालिग होने व उसकी मर्जी के अनुसार प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी।
जोन-2, थाना खुर्शीपार, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) की 20 वर्षीय अलीशा खातून की करीब डेढ़ वर्ष पहले इंटर मिडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से शहर कोतवाली क्षेत्र के सैनीनगर, माला टाकीज रोड निवासी 21 वर्षीय जोगेंद्र सिंह सैनी से जान पहचान हुई थी।
बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। 10 मई को अलीशा अपना घर छोड़कर प्रेमी के पास आ गई। उसके गायब होने पर स्वजन ने थाना खुर्शीपार भिलाई में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। छत्तीसगढ़ पुलिस उसे तलाश करते हुंए 25 जून को रामपुर पहुंच गई।
थाना खुर्शीपार के एएसआइ सुरेंद्र सिंह राजपूत के साथ युवती की मां परवीन बेगम और भाई मोहम्मद समीर भी यहां आए। छत्तीसगढ़ पुलिस युवक और उसके स्वजन को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। छत्तीसगढ़ पुलिस ने युवती की गुमशुदगी दर्ज होने और उसकी बरामदगी की जानकारी एसपी को दी।
साथ ही युवती को साथ ले जाने की परमिशन मांगी। इसी दौरान जानकारी होने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारी भी वहां आप गए। युवती के बालिग होने और मर्जी से युवक के साथ रहने की जानकारी दी। एसपी ने मामले की जांच शहर कोतवाली पुलिस को सौंप दी।
कोतवाली पुलिस ने युवती के बालिग होने की पुष्टि की और उसके बयान दर्ज किए। अलीशा ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी मर्जी से जोगेंद्र सिंह के साथ रहना चाहती है। इसके आधार पर पुलिस ने उसे उसके प्रेमी के साथ भेज दिया।
बजरंग दल के जिला संयोजक अविनाश पटेल ने बताया कि युवती बालिग हैं और उसने अपनी मर्जी से जोगेंद्र सिंह के साथ 21 जून को हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है। विवाह युवक के घर पर हुआ था। पुलिस की जांच के बाद 26 जून को पंजाब नगर स्थित शिव मंदिर में दोनों का सार्वजनिक जयमाला कार्यक्रम भी आयोजित कराया गया। युवती ने अपना नाम अदिति रख लिया है और अब दोनों साथ में रह रहे हैं।