रेवाड़ी। उत्तराखंड सरकार द्वारा चारधाम यात्रा-2026 के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की है। यात्रा के तहत यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए आनलाइन और आफ्लाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है।
यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण के साथ पंजीकरण कराना होगा
डीसी अभिषेक मीणा ने उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के बारे में बताया कि जिले से चार धाम की यात्रा पर जाने से पहले यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण के साथ पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद यात्रियों को क्यूआर कोड युक्त रजिस्ट्रेशन पत्र और यूनिक आइडी उपलब्ध कराई जाएगी। धामों में प्रवेश से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा दर्शन टोकन जारी किए जाएंगे।
पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखना जरूरी
डीसी ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराना, नियमित व्यायाम करना तथा पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखना जरूरी है।