चोरी के शक में दो नाबालिगों को डंडों से बेरहमी से पीटा, सोनीपत में बंद मकान में मिले थे किशोर

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत शहर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां के जीवन विहार इलाके में चोरी के शक में दो नाबालिग लड़कों को बंधक बनाकर उनकी लाठी और डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। इस पूरी वारदात का करीब साढ़े 4 मिनट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

बंद मकान के कोने में छिपे मिले थे दोनों किशोर
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 8 से साढ़े 8 बजे के बीच जीवन विहार में एक बंद पड़े मकान में कुछ संदिग्ध हलचल देखी गई। आसपास के रहने वाले लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी मकान मालिक के रिश्तेदारों को दी। सूचना मिलते ही प्रवीण चावला नाम के व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। जब उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली, तो एक कोने में दो नाबालिग लड़के छिपे हुए मिले। स्थानीय लोगों ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

कमरे में बंद कर बरसाए ताबड़तोड़ डंडे
पकड़े गए किशोरों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। वायरल हो रहे 4 मिनट 41 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि कमरे का दरवाजा खुलते ही कुछ लोग हाथ में डंडा लेकर अंदर घुसते हैं। इसके बाद दोनों लड़कों पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए जाते हैं। लड़के खुद को बचाने के लिए हाथ जोड़ते रहे और डंडे को पकड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावरों ने एक नहीं सुनी। वीडियो में एक लड़के का हाथ मरोड़ते हुए और दूसरे लड़के को बेसुध होने तक पीटते हुए साफ देखा जा सकता है।

नशे की हालत में होने का दावा
मकान मालिक के पक्ष के लोगों का दावा है कि पकड़े गए दोनों किशोर गंभीर नशे की हालत में थे। पूछताछ में लड़कों ने बताया कि वे जटवाड़ा इलाके के रहने वाले हैं। उन्हें सुभाष चौक पर कुछ युवकों ने इस बंद मकान के बारे में बताया था और कहा था कि अंदर से जो भी सामान मिले उसे लेकर आ जाओ, वे उसे अच्छे दामों में खरीद लेंगे। इस घटना की जानकारी मिलते ही आपातकालीन पुलिस वाहन यानी डायल 112 मौके पर पहुंची और दोनों लड़कों को अपने साथ थाने ले गई।

बढ़ती चोरियों से परेशान हैं स्थानीय लोग
इस घटना के बाद इलाके के लोगों ने शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंद मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में केवल समझा-बुझाकर छोड़ने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।