पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार (4 जुलाई) को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण किया. इस दौरान उड़ान योजना फेज-2 की भी शुरूआत हुई. कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी मौजूद रहे. नए टर्मिनल के साथ ही मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना है. पुराने टर्मिनल के मुकाबले यह करीब 7 गुना बड़ा है. 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है. इससे यात्री क्षमता 10 गुना तक बढ़ जाएगी. इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं.
पर्यटकों को मिलेगा विश्वस्तरीय अनुभव
आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टर्मिनल यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव देगा. साथ ही यात्रियों और पर्यटकों के लिए जोधपुर के लिए नए प्रवेश द्वार के रूप में पहचान बनाएगा. यह नया टर्मिनल हर साल 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा.
नए टर्मिनल में हैं ये सुविधाएं
240 यात्रियों के लिए चार्जिंग प्वॉइंट वाली चेयर
7 इलेक्ट्रिक चार्जिंग की वाहन की सुविधा
आधुनिक तकनीक के साथ 3 कन्वेयर बेल्ट
2 वीआईपी लाउंज और एक एग्जीक्यूटिव लाउंज
विमान पार्किंग क्षमता 4 से बढ़कर 12 तक हो जाएगी.
जोधपुर का आधुनिक टर्मिनल राजस्थानी कला-संस्कृति के बेजोड़ संगम से सुसज्जित है.
जोधपुर एयरपोर्ट का आधुनिक टर्मिनल.
5 स्टार रेटिंग का लक्ष्य
यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 20 आधुनिक चेक-इन काउंटर बनाए गए हैं, जिससे यात्रा का अनुभव पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होगा. इस टर्मिनल का निर्माण पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए किया गया है और इसे 5-स्टार गृह रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.