यूपी में बिना नोटिस के बढ़ा बिजली उपभोक्ताओं का लोड, स्मार्ट मीटर से ‘खेल’!

लखनऊ। बिजली उपभोक्ताओं की परेशानियां प्री पेड मीटर बंद होने पर कुछ कम हुई थी लेकिन बिजली विभाग ने परेशानियां फिर बढ़ाने का काम तेज कर दिया है। उपभोक्ताओं का बिजली लोड बिना किसी पूर्व सूचना के एक मैसेज भेजकर बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। इससे फिर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ने लगी है।

उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि अगर तीन माह तक डिमांड उनकी ज्यादा गई हो, तो पत्राचार करके बिजली विभाग कह सकता है, लेकिन यहां तो एक माह ही सिर्फ डिमांड ज्यादा गई है।

बता दें कि अलीगंज अग्निकांड में उपभोक्ता का बिजली लोड बीस किलोवाट था, उसका लोड तीसरे माह 34 किलोवाट गया था, उसकी पेनाल्टी ली जाती रही और चौथे माह पत्राचार करने की तैयारी थी लेकिन यहां आम उपभोक्ता का लोड एक या दो माह ज्यादा जाते ही लोड बढ़ाए दे रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

नियमानुसार तीन माह तक लगातार ज्यादा खपत होने पर बढ़ा सकते हैं लोड
उपभोक्ता शकुंतला का आरोप है कि उनका खाता संख्या 9715001000 है और पांच किलोवाट का कनेक्शन है। उनके मुताबिक 20 सितंबर से 25 अक्टूबर 2025 में बिजली की डिमांड 3.75 किलोवाट रही। फिर 25 अक्टूबर से नौ दिसंबर 2025 तक उक्त डिमांड रही। नौ दिसंबर से 22 जनवरी 2026 में 4.73 किलोवाट डिमांड रही।

नियम तीन माह लगातार होने पर
आरोप है कि 22 जनवरी से 28 अप्रैल 2026 तक 4.63 किलोवाट डिमांड गई और 28 अप्रैल से 21 जून तक बिजली की डिमांड 6.55 किलोवाट आई है और लोड सीधे एक किलाेवाट बढ़ा दिया। इसी तरह उपभोक्ता के खाता संख्या 2017780000 का लोड बढ़ा दिया। ऐसे हजारों उपभोक्ताओं के लोड शुक्रवार शाम को बिना किसी पूर्व सूचना के बढ़ा दिए गए।