हिमाचल में मानसून सत्र से पहले कैबिनेट में विस्तार, कई मंत्रियों के बदलेंगे विभाग

शिमला। विधानसभा मानसून सत्र से पहले हिमाचल मंत्रिमंडल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री को ड्राप करने की तैयारी है। मंत्री को ड्राप करने पर सहमति बनती है तो एक साथ दो नए मंत्री कैबिनेट में शामिल हो जाएंगे। सुक्खू कैबिनेट में शामिल मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया जाएगा। धर्मशाला में आयोजित होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (राजनीतिक मामलों) की बैठक में इस पर चर्चा कर सहमति बनाई जाएगी।

कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, ज्वालाजी के विधायक संजय रत्न व पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल का नाम रेस में सबसे आगे हैं। नए मंत्री की ताजपोशी क्षेत्रीय व जातीय समीकरण के अलावा 2027 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। इसके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष भी बनाया जाएगा।

शिमला संसदीय क्षेत्र से मंत्री ड्राप करने की चर्चा
शिमला संसदीय क्षेत्र से किसी एक मंत्री को मंत्रिमंडल से ड्रॉप करने की चर्चा हैं। शिमला संसदीय क्षेत्र से 5 मंत्री सुक्खू कैबिनेट में है। कुल्लू व मंडी संसदीय क्षेत्र को पूरा हक नहीं मिल पाया है। जगत सिंह नेगी मंडी संसदीय क्षेत्र से मंत्री है वह जनजातीय कोटे से हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में इन बिंदुओं पर भी चर्चा होगी।

अभी ये है स्थिति
कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 11 मंत्री है। शिमला जिला से तीन मंत्री हैं। हमीरपुर जिला से मुख्यमंत्री खुद आते हैं। सोलन जिला से 1, ऊना से उप मुख्यमंंत्री हैं। सिरमौर से 1, कांगड़ा से 2, किन्नौर से 1, बिलासपुर से 1 मंत्री है।

इन जिलों से कोई मंत्री नहीं
मंडी, लाहुल स्पीति, चंबा, कुल्लू से कोई मंत्री नहीं है। चंबा से विस अध्यक्ष बनाया गया है।

संसदीय क्षेत्रवार स्थिति
मुख्यमंत्री समेत कुल मंत्री-11
शिमला संसदीय क्षेत्र से मंत्री-5
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मंत्री-3
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से मंत्री-2
मंडी संसदीय क्षेत्र से मंत्री-1 (ट्राइबल कोटा)

राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार व बदलाव किया जाना प्रस्तावित है। धर्मशाला में पार्टी के राजनीतिक मामलों की बैठक होने जा रही है। इसमें राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे। बैठक में इस मामले पर चर्चा की जाएगी। -रजनी पाटिल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी

मंत्रिमंडल में एक पद खाली पड़ा है जिसे जल्द भरा जाएगा। बदलाव कब करना है और किसे मंत्री बनाना है यह हाइकमान तय करता है। धर्मशाला में पार्टी की बैठक प्रस्तावित है लेकिन यह मौसम पर निर्भर करेगी। -सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री