लग्जरी कारों की बढ़ी ड‍िमांड, देश में अब तक सबसे ज्‍यादा ब‍िकीं मर्सिडीज और BMW की कारें

BMW Car Sales: भारतीय लग्जरी कार मार्केट ने साल 2026 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में नया इतिहास रच दिया है. दो दिग्गज लग्जरी कार कंपनियों मर्सिडीज-बेंज और बीएमडब्ल्यू ग्रुप (BMW Group) ने इस दौरान अब तक की सबसे शानदार बिक्री दर्ज की है. बाजार में आई इस जबरदस्त तेजी का कारण इलेक्‍ट्र‍िक व्‍हीकल (EV), प्रीमियम एसयूवी और टॉप एंड लग्जरी मॉडल्स की भारी ड‍िमांड को माना जा रहा है. बाजार में सबसे आगे चल रही मर्सिडीज-बेंज ने इस साल के पहले छह महीने के दौरान 9,768 कारों की ब‍िक्री की, यह पिछले साल की इसी अवधि की 9,013 यूनिट्स के मुकाबले 9 फीसदी ज्यादा है.

दूसरी तरफ बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया (बीएमडब्ल्यू और मिनी दोनों) ने और भी ब‍िक्री के मामले में काफी तेज रफ्तार दिखाई. कंपनी की बिक्री 17 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 9,075 यून‍िट पर पहुंच गई. दोनों ही कंपनियों के लिए इस रिकॉर्ड ग्रोथ के पीछे इलेक्ट्रिक व्‍हीकल सबसे बड़े मददगार साबित हुए हैं. बीएमडब्ल्यू (BMW) ने इस दौरान 2,359 इलेक्ट्रिक कारों की बि‍क्री की, जिसमें सालाना बेस पर 78 फीसदी का भारी उछाल देखा गया. कंपनी की कुल बिक्री में बैटरी से चलने वाले मॉडल्स की हिस्सेदारी 26 फीसदी हो गइ है.

बि‍क्री में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी बढ़ी
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया (BMW India) के प्रेसिडेंट और सीईओ हरदीप सिंह ब्रार ने बताया कि उनके पास कुल ऑर्डर्स में ईवी की बुकिंग 30 फीसदी को पार कर रही है. पिछले कुछ महीने के दौरान सप्लाई की दिक्कत के कारण वे इस आंकड़े को छू नहीं पाए. लेक‍िन यद‍ि सप्लाई स्थिर रही तो जल्द ही कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी बढ़कर 30 फीसदी के पार पहुंच जाएगी. बीएमडब्ल्यू के सीईओ हरदीप सिंह ब्रार ने इस कामयाबी का क्रेड‍िट कंपनी की दमदार परफॉर्मेंस वाली इलेक्ट्रिक कारों और देश में तेजी से सुधरते चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया है.

पब्लिक चार्जिंग नेटवर्क का दायरा बढ़ा
ब्रार ने बताया क‍ि अब ग्राहकों के मन से यह डर पूरी तरह निकल चुका है कि कार रास्ते में डिस्चार्ज हो जाएगी. पब्लिक चार्जिंग नेटवर्क का दायरा बढ़ने और नई इलेक्ट्रिक कारों के सिंगल चार्ज में बेहतरीन ड्राइविंग रेंज देने की वजह से ग्राहकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. दूसरी तरफ, मर्सिडीज-बेंज भी अपने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ग्राहकों से बेहतरीन रिस्पॉन्स मिल रहा है. मर्सिडीज-बेंज इंडिया के एमडी और सीईओ संतोष अय्यर ने बताया कि अप्रैल-जून की तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री में ईवी का योगदान 14 फीसदी रहा. इसमें हाल ही में लॉन्च हुई सीएलए बीईवी (CLA BEV) और ईक्यूएस एसयूवी (EQS SUV) की सबसे बड़ी भूमिका रही.

इसके अलावा बाजार के सबसे महंगे यानी प्रीमियम सेगमेंट ने भी शानदार प्रदर्शन किया. मर्सिडीज के टॉप-एंड लग्जरी पोर्टफोलियो (जिसमें मेबैक, एएमजी, एस-क्लास और वी-क्लास शामिल हैं) में 20 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ देखी गई और कुल बिक्री में इसकी हिस्सेदारी 28 फीसदी रही. वहीं, कंपनी की रफ्तार के दीवानों के लिए बनी एएमजी (AMG) परफॉर्मेंस कारों ने अकेले 50 फीसदी की रिकॉर्ड बढ़त हासिल की है.