Gold Price: अमेर‍िका और ईरान के बीच तनाव, फ‍िर धड़ाम हुआ सोना; चांदी भी टूटी; क्‍या है आज का रेट?

Donald Trump on Iran War: अमेर‍िका और ईरान के बीच होर्मुज स्‍ट्रेट को लेकर तनाव बना हुआ है. दोनों देशों के बीच कोई बातचीत होती इससे पहले ही ईरान के बुशहर समेत कई शहरों में भीषण हमले की खबर है. हालांक‍ि, अमेर‍िका ने इन हमलों को करने से साफ इंकार क‍िया है. इस बीच इंटरनेशनल लेवल पर सोने-चांदी के दाम में फ‍िर से ग‍िरावट देखी जा रही है. अमेर‍िका की तरफ से ईरान पर हमला क‍िये जाने के बाद गुरुवार को दोनों कीमती धातुओं के रेट में र‍िकवरी देखी गई थी. लेक‍िन अब फ‍िर से दोनों धातुएं लाल न‍िशान के साथ कारोबार कर रही हैं. कॉमेक्‍स पर आज सुबह सोना 17 डॉलर प्रत‍ि औंस से ज्‍यादा ग‍िरकर 4,123 डॉलर प्रत‍ि औंस पर ट्रेंड कर रहा है. इसी तरह चांदी में भी ग‍िरावट देखी गई और यह 60 डॉलर प्रत‍ि औंस पर ट्रेंड कर रही है.

इससे पहले जब अमेर‍िकी राष्‍ट्रपत‍ि ने यह कहा था क‍ि ईरान के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए हुआ अंतरिम समझौता ‘पूरी तरह खत्म’ हो गया है. इसके बाद सोने-चांदी के दाम में बड़ी ग‍िरावट देखी गई थी. उनके बयान के बाद क्रूड ऑयल भी चढ़ गया था. लेक‍िन आज क्रूड से लेकर सोने-चांदी तक में नरमी बनी हुई है. ट्रंप के बयान के बाद महंगाई बढ़ने की भी च‍िंता सताने लगी. एमसीएक्‍स (MCX) पर कल बंद हुए सत्र में 5 अगस्त को डिलीवरी वाला सोना हल्‍की तेजी के साथ बंद हुआ. इसका दाम बढ़कर 145300 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम पर पहुंच गया.
a
तनाव बढ़ने की आशंका से नीचे आया सोना
बाजार से जुड़े जानकारों का कहना है क‍ि अमेर‍िका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका से सोने और चांदी के दाम में उठापटक देखी जा रही है. दोनों देशों के बीच प‍िछले द‍िनों लागू क‍िये गए संघर्ष विराम के खत्‍म होने की आशंका से न‍िवेशक डरे हुए हैं. ज‍ियो- पॉल‍िट‍िकल टेंशन के बीच सोने सह‍ित दुनियाभर की र‍िस्‍क एसेट में ब‍िकवाली देखने को म‍िल रही है. इंटरनेशनल लेवल पर सोने के दाम में तेजी और मंदी का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को म‍िलता है. गुरुवार को जब इंटरनेशनल मार्केट में सोने के दाम में र‍िकवरी आई तो भारतीय बाजार में भी तेजी देखने को म‍िली.

घरेलू बाजार में सोने-चांदी का हाल
अमेर‍िका की तरफ से ईरान पर हमला क‍िये जाने के बाद गुरुवार को इंटरनेशनल लेवल पर सोने-चांदी के दाम में र‍िकवरी देखी गई थी. इसके बाद भारतीय बाजार में भी तेजी देखने को म‍िली. इंड‍ियन बुल‍ियन एंड ज्‍वैलर एसोस‍िएशन (IBJA) की तरफ से गुरुवार शाम 5 बजे जारी क‍िये गए रेट में तेजी देखी गई. IBJA की तरफ से गुरुवार शाम को जारी रेट में सोना 1000 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम से ज्‍यादा चढ़ गया. IBJA के अनुसार 24 कैरेट वाला सोना चढ़कर 143656 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम पर पहुंच गया. 22 कैरेट वाला सोना चढ़कर 131589 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम, 18 कैरेट गोल्‍ड 107742 रुपये प्रत‍ि 10 ग्राम पहुंच गया. चांदी की बात करें तो यह फ‍िर से चढ़कर 223794 रुपये प्रत‍ि क‍िलो पर पहुंच गई.

फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के संकेत
अमेरिकी फेडरल रिजर्व (Fed) की पिछली बैठक के मिनट्स से यह साफ हो गया है कि अधिकारी लगातार बढ़ती महंगाई से बेहद चिंतित हैं. फेड को आशंका है कि महंगाई का दायरा तेजी से फैल रहा है, जिस पर लगाम लगाने के लिए आने वाले समय में ब्याज दरों में और आक्रामक बढ़ोतरी की जा सकती है. जून में हुई बैठक के दौरान कुछ सदस्य तुरंत ही ब्याज दरें बढ़ाने के पक्ष में थे. इसके बाद सितंबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना 62 फीसदी से उछलकर 69 फीसदी पहुंच गई है. फेडरल रिजर्व के सख्त रुख को देखते हुए ‘बैंक ऑफ अमेरिका’ ने साल 2026 के लिए सोने के औसत अनुमान में 14 फीसदी की कटौती की है.