सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर किया पोस्ट:सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सेतु मिश्रा को बधाई दी. उन्होंने लिखा, बिहार के बेटे ने बढ़ाया भारत का मान. चीन में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले बिहार के प्रतिभाशाली एथलीट सेतु मिश्रा और भारतीय टीम के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.
”सेतु मिश्रा ने अपने शानदार प्रदर्शन, अटूट संकल्प और अदम्य साहस से बिहार और पूरे देश का मान बढ़ाया है. आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश और बिहार के युवाओं और एथलीट्स के लिए प्रेरणा का स्रोत है. आपके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं.”- सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार
चीन के ओर्डोस शहर में अंडर-23 एथलेटिक्स:चीन के ओर्डोस शहर में मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में देश को गोल्ड जिताने वाली भारतीय टीम में सेतु मिश्रा के अलावा, आस्तिक प्रधान, सैंड्रामोल साबू और श्रावणी सचिन सांगले भी शामिल थीं. इस टीम ने 3:18.64 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि चीन 3:18.74 सेकंड के साथ दूसरे और फिलीपींस 3:25.28 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
5,000 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, 3,000 मीटर स्टीपलचेज :प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय एथलीट्स ने पुरुषों की 5,000 मीटर दौड़, पुरुषों की डिस्कस थ्रो और महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज में पदक जीते.
परशुराम-विनोद सिंह ने सिल्वर और ब्रॉन्ज जीता:लॉन्ग-डिस्टेंस रनर शिवाजी परशुराम (14:08.19 सेकंड) और विनोद सिंह (14:23.57 सेकंड) ने भी पुरुषों की 5,000 मीटर दौड़ में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पोडियम फिनिश किया. जापान के रुई सुजुकी (14:01.24 सेकंड) ने यह दौड़ जीती.
प्राची अंकुश देवकर तीसरे स्थान पर:महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज में चीन की यांग यिटिंग (10:14.68 सेकंड) ने गोल्ड, जबकि लियू युक्सिन ने (10:25.51 सेकंड) सिल्वर मेडल अपने नाम किया. भारत की प्राची अंकुश देवकर (10:32.69 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहीं.