डॉक्टर के घर में घुसकर चोरों ने बहू के काटे बाल, बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर लूट ले गए लाखों के गहने

दरभंगा : बिहार के दरभंगा में एक घर में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और घर के सदस्यों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की. मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव का है. जहां एक डॉक्टर के घर में घुसकर चोरों ने लाखों रुपए के गहने और कैश पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए.

घर में घुसकर लूटपाट : मिली जानकारी के अनुसार बहादुरपुर थाना क्षेत्र के होम्योपैथिक चिकित्सक के घर में छत के रास्ते पांच की संख्या में आए बदमाशों ने प्रवेश किया. चोरों ने घर की छोटी बहू को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट कर बाल काट दिए, हाथ-पांव बांधकर घसीटा और पीठ में इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया. घटना के समय घर में महिला अपनी डेढ़ वर्ष की मासूम बच्ची के साथ अकेली थी.

मारपीट से घायल हो गई महिला : पंचायत के मुखिया ने बताया शाम के सात बजे गांव के डॉक्टर के घर में चार-पांच की संख्या में आए बदमाशों ने प्रवेश कर उनकी छोटी बहू के साथ मारपीट की बाल काट दिए, फिलहाल वो डीएमसीएच में भर्ती हैं.

टीवी की आवाज तेज कर हुई चोरी : स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने वारदात के दौरान घर का टीवी तेज आवाज में चला दिया, ताकि शोर-शराबे की आवाज बाहर तक न पहुंचे. करीब 20 मिनट तक तीन कमरों में उत्पात मचाने के बाद उन्होंने दो अलमारी तोड़कर लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के आभूषण और 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये.

FSL की टीम कर रही जांच : घटना की सूचना मिलने के सदर डीएसपी राजीव कुमार बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार अपने दल-बल से साथ मौके पर पहुंचे. बाद में एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुट गई है.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस : बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने बताया कि- ”मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. एफएसएल टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है. बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है. आस-पास के फुटेज को खंगाला जा रहा है.”