हरियाणा के फतेहाबाद में फास्ट फूड खाते समय 12 साल के बच्चे की हत्या, पड़ोसी ने छाती पर कैंची से किए कई वार

जिले के रतिया क्षेत्र के गांव बादलगढ़ में फास्ट फूड खाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने कुछ ही पलों में खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी 13 वर्षीय किशोर ने 12 वर्षीय बालक की छाती पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक व आरोपित दोनों साथ ही पढ़ते थे तथा 9वीं कक्षा में थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने आरोपित किशोर के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट एवं संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव बादलगढ़ निवासी कुलविंदर सिंह का 12 वर्षीय बेटा अरमान गुरुवार रात अपने 13 वर्षीय पड़ोसी किशोर के साथ गांव के चौक में फास्ट फूड खाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आरोपित किशोर ने अपने पास मौजूद नुकीली चीज(कैंची) से अरमान की छाती पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अरमान को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रतिया सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे के पड़ोसी थे तथा अक्सर साथ रहते थे।

रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि आरोपित किशोर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।