बड़ी मुश्किल से बिहार को संवारा है… एनडीए मीटिंग में नीतीश का बड़ा संदेश, CM सम्राट पर बड़ा संकेत समझिए

पटना. बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की जमकर सराहना की है. नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब तक राज्य में हुए विकास कार्यों को और अधिक तेजी से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं. इसी आपसी विश्वास के साथ पूरी एनडीए सरकार मजबूती से आगे बढ़ रही है. अपने संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री थोड़े भावुक भी नजर आए और गठबंधन के नेताओं को याद दिलाया कि उन्होंने बहुत मुश्किलों और कड़े संघर्षों के बाद बिहार को पिछड़ेपन से बाहर निकालकर संवारा है.

बता दें कि शुक्रवार (10 जुलाई) को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के कामकाज की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर पटना में एनडीए की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता और प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक का मुख्य आकर्षण पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का संबोधन रहा. नीतीश कुमार ने खुले मंच से नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पीठ थपथपाई और कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार का विकास सही दिशा में और तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है.

‘बड़ी मुश्किल से संवारा है बिहार’
अपने संबोधन के दौरान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने बिहार के पुराने दौर और अपने मुख्यमंत्री काल के संघर्षों को याद किया. उन्होंने कहा, “हमने मिलकर बहुत ही विपरीत परिस्थितियों में और बड़ी मुश्किलों से बिहार को संवारा है.” स्पष्ट है कि उनका इशारा साफ था कि साल 2005 के बाद से बुनियादी ढांचे, सड़कों, बिजली, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जो व्यापक बदलाव आए हैं, उन्हें बनाए रखना नई सरकार की भी जिम्मेदारी है. नीतीश कुमार ने कहा कि विकास की इस बनी-बनाई रफ्तार को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं देना है.

बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के शुरुआती कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई. नीतीश कुमार ने संतोष जताते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ गठबंधन ने सम्राट चौधरी को कमान सौंपी थी, वे उस पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र की तर्ज पर राज्य में नीति आयोग का गठन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना जैसी हालिया पहल इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार समाज के हर तबके के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है.
विपक्ष को एकजुटता का कड़ा संदेश

इस बैठक और नीतीश कुमार के इस अहम बयान के जरिए एनडीए ने विपक्ष के तमाम दावों को खारिज करते हुए अपनी अटूट एकजुटता का प्रदर्शन किया है. दरअसल, सत्ता परिवर्तन के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जेडीयू और बीजेपी के रिश्तों में बदलाव आ सकता है, लेकिन नीतीश कुमार ने खुद आगे बढ़कर सम्राट चौधरी की कार्यशैली की तारीफ की. उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि भले ही उनकी भूमिका अब राष्ट्रीय स्तर पर राज्यसभा सांसद के रूप में है, लेकिन बिहार के विकास और एनडीए के स्थायित्व पर उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा.

भविष्य के विजन और जिलों के दौरे पर रणनीति
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी एनडीए जनप्रितिनिधियों से अपील की कि वे सरकार के सुशासन और विकास के एजेंडे को सीधे जनता के बीच लेकर जाएं ताकि बिहार को एक समृद्ध और विकसित राज्य बनाया जा सके. वहीं, बैठक के समापन पर आगामी दिनों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने का संकल्प लिया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आने वाले समय में खुद राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर समीक्षा करने वाले हैं.