हरियाणा में लव मैरिज के आठ साल बाद अनबन, पत्नी ने घर छोड़ा; परेशान पति ढाई वर्षीय बेटी के साथ लापता

सिरसा। प्रेम विवाह के आठ वर्ष बाद एक युवक अपनी ढाई वर्षीय बेटी के साथ लापता हो गया है। उसकी बाइक, बेटी का स्कूल बैग तथा सैंडल अबूबशहर गांव के समीप स्थित राजस्थान नहर की पटरी पर बरामद हुए हैं। दोनों की तलाश की जा रही है। शहर थाना पुलिस ने गांव चौटाला निवासी जगदीश कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया है।

जगदीश ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई 30 वर्षीय दयाराम गांव अलीकां स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। दयाराम ने करीब आठ वर्ष पहले गांव चौटाला निवासी अमर सिंह की बेटी दर्शना से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उनके एक ढाई वर्ष की लड़की है। जिसका नाम रितिका है। उसका भाई करीब तीन वर्ष से मंडी डबवाली में रह रहा था। करीब 10 दिन पहले दयाराम की पत्नी दर्शना नाराज होकर अपने पिता के साथ अपने मायके चौटाला चली गई थी।

इसलिए उसका भाई करीब 10 दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आठ जुलाई की रात्रि दया राम अपनी लड़की रितिका को लेकर बाइक पर घर से बिना बतलाए चला गया। उसकी अंतिम बार रात्रि करीब 10 बजे उससे बात हुई थी। उसके बाद कोई बात नहीं हुई।

चौटाला निवासी के अनुसार नौ जुलाई को दोपहर बाद करीब 12.30 बजे तक फोन पर घंटी जाती रही। लेकिन उसके भाई ने फोन नहीं उठाया। उसके बाद उसका फोन बंद आने लगा। वह उसे तलाश करते हुए अबूबशहर राजस्थान नहर पर आए तो उसके भाई का बाइक, उसके जूते, भतीजी रितिका का स्कूल बैग व उसके सैंडल वहां पर पड़े थे। स्वजनों ने संदेह जताया है कि दया राम ने नहर में छलांग लगा कर खुदखुशी कर ली है या किसी ने उसे छुपा रखा है या व खुद कहीं छुपा हुआ है।

मोबाइल बरामद हुआ, पूछताछ चल रही
गांव चौटाला निवासी जगदीश ने बताया कि उसके भाई का बाइक राजस्थान नहर की पटरी पर भारत माला पुल की ओर खड़ा था। वहीं से अन्य सामान बरामद हुआ। उसके भाई का मोबाइल बरामद हो गया है। वह बाइक में ही था। मोबाइल को नशा करने वाले लोग उठा ले गए थे। आज पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।