1-1 कर फ्लॉप हुई फिल्में, तो जिस्मफरोशी को एक्ट्रेस ने बनाया कमाई का जरिया, अंत समय में शरीर में पड़े कीड़े

Actress Tragic Story: साल 2007 में तमिलनाडु के एक दरगाह के बाहर एक ऐसी महिला मिली, जिसकी हालत देखकर हर किसी की रूह कांप गई. शरीर पर फटे-पुराने कपड़े, पूरे बदन पर कीड़े और चींटियां रेंग रही थीं, और वो इतनी कमजोर हो चुकी थी कि पहचान पाना भी मुश्किल था. वहां मौजूद लोगों ने पहले तो उसे एक बेसहारा महिला समझा, लेकिन जब उसकी पहचान सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया.

एक्ट्रेस ट्रैजिक स्टोरी
जिस महिला को दरगाह के बाहर इस हालत में पाया गया था, वो करीब 12 साल पहले अचानक फिल्मी दुनिया से गायब हो गई थी. साल 1995 के बाद किसी ने उसे फिल्मों में नहीं देखा और न ही उसके बारे में कोई खबर सामने आई. समय के साथ लोग उसे भूल गए और इंडस्ट्री में नई एक्ट्रेस ने उसकी जगह ले ली. लेकिन असल कहानी पर्दे के पीछे चल रही थी. पैसों की कमी, अकेलापन और लगातार बिगड़ती जिंदगी ने उसे ऐसे रास्ते पर धकेल दिया, जहां से उसकी वापसी लगभग नामुमकिन थी.

एक्ट्रेस का नाम
दरअसल, ये महिला कोई और नहीं, बल्कि साउथ सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस निशा नूर थीं. 1980 के दशक में उन्होंने तमिल फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी और देखते ही देखते इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी. उन्होंने कमल हासन और रजनीकांत जैसे बड़े सितारों के साथ भी काम किया. हालांकि, फिल्मों में उन्हें ज्यादातर सपोर्टिंग रोल मिले, लेकिन उनकी खूबसूरती और एक्टिंग की वजह से ऑडियंस उन्हें खूब पसंद करती थी. 1980 से 1995 के बीच उन्होंने करीब 17 फिल्मों में काम किया और उनका नाम लगातार खबरों में रहा.

पैसों के कारण अपनाया ये रास्ता
लेकिन वक्त बदला और धीरे-धीरे फिल्मों के ऑफर कम होते गए. एक समय ऐसा आया जब उनके पास काम ही नहीं बचा और पैसों की कमी हो गई. मगर उन्हें फिल्मी दुनिया की चकाचौंध भरी जिंदगी की आदत पड़ चुकी थी और जमा की गई पूंजी भी खत्म हो गई. इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें वेश्यावृत्ति का रास्ता अपनाने की सलाह दी. पैसों की मजबूरी में उन्होंने ये रास्ता चुन लिया और धीरे-धीरे उसी दुनिया में फंसती चली गईं. इस दौरान उनका फिल्म इंडस्ट्री और परिवार, दोनों से कॉन्टैक्ट लगभग खत्म हो गया. उनके पिता के मुताबिक, फिल्मों में आने के बाद भी उन्होंने परिवार से दूरी बनाए रखी और बाद में तो रिश्ते पूरी तरह टूट गए.

एड्स की बीमारी से पीड़ित थीं एक्ट्रेस
साल 2007 में जब निशा नूर नागूर की दरगाह के बाहर बेहद खराब हालत में मिलीं, तब एक व्यक्ति ने उन्हें पहचान लिया. इसके बाद उन्हें एक संस्था के पास ले जाया गया, जहां उन्होंने अपनी पूरी कहानी बताई. उन्होंने माना कि फिल्मों से दूर होने के बाद वो वेश्यावृत्ति करने लगी थीं. जांच के दौरान ये भी पता चला कि वो एड्स जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं. उनकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि शरीर सिर्फ हड्डियों का ढांचा बनकर रह गया था. इसके बाद संस्था ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज शुरू कराया, लेकिन बीमारी काफी आगे बढ़ चुकी थी.

परिवार ने दफनाने से किया इनकार
अस्पताल में इलाज के बावजूद, निशा नूर की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और भर्ती होने के करीब एक हाफ्ते बाद उनका निधन हो गया. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये थी कि उनकी मौत के बाद परिवार का कोई सदस्य उनका शव लेने तक नहीं आया. आखिरकार जिस सामाजिक संस्था ने उनकी मदद की थी, उसी ने उनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी भी निभाई. कभी बड़े सितारों के साथ पर्दे पर नजर आने वाली एक्ट्रेस का जीवन इस तरह खत्म होगा, ये शायद किसी ने भी नहीं सोचा होगा.