पटना: बिहार में इन दिनों बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है. इस चुनाव ने इसलिए भी सबका ध्यान खींचा है, क्योंकि जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर खुद मैदान में हैं. सोमवार को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया. इसके बाद अब उनके चुनावी हलफनामे (एफिडेविट) की खूब चर्चा हो रही है. हलफनामे से पता चलता है कि प्रशांत किशोर इस चुनाव के सबसे अमीर उम्मीदवारों में शामिल हैं.
उनकी और उनके परिवार की संपत्ति करीब 200 करोड़ रुपये बताई गई है. सबसे दिलचस्प बात ये है कि उनका परिवार सिर्फ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के ब्याज से ही हर महीने करीब 5 लाख रुपये कमा रहा है.
बता दें कि प्रशांत किशोर लंबे समय तक देश के बड़े चुनावी रणनीतिकार रहे हैं. उन्होंने कई राज्यों में बड़े नेताओं के लिए चुनावी कैंपेन संभाला है. पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने खुद कहा था कि वो चुनावी सलाह के लिए दो घंटे का 11 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं. ऐसे में उनकी कमाई को लेकर हमेशा चर्चा होती रही है.
सोच-समझकर करते हैं इनवेस्ट
हलफनामे के मुताबिक प्रशांत किशोर सिर्फ कमाई ही नहीं करते, बल्कि निवेश भी सोच-समझकर करते हैं. उन्होंने शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में जमकर पैसा लगाया है. लेकिन सबसे ज्यादा भरोसा उन्होंने फिक्स्ड डिपॉजिट पर जताया है. वैसे भी एफडी को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है. इसमें शेयर बाजार की तरह उतार-चढ़ाव का खतरा नहीं रहता.
कहां-कहां किया है FD?
हलफनामे के मुताबित प्रशांत किशोर उनकी पत्नी जहानवी दास और बेटे के नाम कुल 11 फिक्स्ड डिपॉजिट हैं. इनकी कुल कीमत 8 करोड़ 9 लाख 24 हजार 202 रुपये है.
सबसे ज्यादा एफडी खुद प्रशांत किशोर के नाम हैं. उनके पास एचडीएफसी बैंक, सेक्टर-9, फरीदाबाद में 5 एफडी हैं. इनकी कुल कीमत 7 करोड़ 36 लाख 24 हजार 202 रुपये है.
उनकी पत्नी जहानवी दास के नाम स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक, गुवाहाटी में 4 एफडी हैं. इनकी कुल कीमत 67 लाख रुपये है.
वहीं बेटे दैबिक भारद्वाज के नाम एचडीएफसी बैंक, गुवाहाटी में 2 एफडी हैं. इन दोनों एफडी की कुल कीमत 6 लाख रुपये है.
FD से हर महीने लाखों की कमाई
आईए अब जरा पूरा हिसाब लगाते हैं कि फिक्स डिपोसिट से प्रशांत किशोर का परिवार हर महीने कितने की कमाई करता है. अगर इन एफडी पर सालाना 7 फीसदी ब्याज मिले, तो परिवार को एक साल में करीब 56 लाख 64 हजार 694 रुपये ब्याज मिलेगा. यानी हर महीने लगभग 4 लाख 72 हजार 58 रुपये की आय सिर्फ एफडी के ब्याज से हो सकती है.
शेयर बाजार में भी लगाया पैसा
एफडी के अलावा प्रशांत किशोर ने शेयर बाजार में भी निवेश किया है. हलफनामे के अनुसार, उनके पास भारती एयरटेल के 1,985 शेयर हैं. जिनकी बाजार कीमत करीब 38.12 लाख रुपये है.
इसके अलावा इंडियन ओवरसीज बैंक के 73,243 शेयर हैं. जिनकी कीमत करीब 25.33 लाख रुपये है. दोनों निवेशों की कुल बाजार कीमत लगभग 63.45 लाख रुपये है.
वहीं, उनकी पत्नी जहानवी दास ने म्यूचुअल फंड में भी बड़ा निवेश किया है. उनके नाम करीब 1 करोड़ 24 लाख 72 हजार 270 रुपये का म्यूचुअल फंड निवेश दर्ज है.