बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा के नीरज सिन्हा हैं सबसे गरीब उम्मीदवार, संपत्ति जान रह जाएंगे हैरान

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहा उपचुनाव पूरे देश और प्रदेश की राजनीति का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है. बीजेपी के लिए ये सीट जीतना सिर्फ एक एमएलए की संख्या को बढ़ाना नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक साख और सियासी गढ़ को बचाए रखने का चैलेंज भी है.

नीरज के पास खुद की गाड़ी नहीं: इस सीट से खड़े उम्मीदवारों पर भी लोगों की नजरें हैं. बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया और कुछ ही देर बाद पार्टी ने नए प्रत्याशी के तौर पर नीरज कुमार सिन्हा के नाम का ऐलान कर दिया. बीजेपी के नए उम्मीदवार सबसे गरीब हैं. इसके अलावा नीरज के पास ना तो कोई गाड़ी या हथियार है ना ही उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज है.

सीएम और नितिन नबीन के साथ नीरज सिन्हा (बिहार बीजेपी सोशल मीडिया एक्स)
नीरज सिन्हा के पास ₹70000 नकदी: उपचुनाव लड़ने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में सबसे अमीर उम्मीदवार प्रशांत किशोर हैं. प्रशांत करोड़ों के मालिक हैं. अपने शपथ पत्र में प्रशांत ने 22 करोड़ 19 लाख की चल संपत्ति और 23 करोड़ 87 लाख की अचल संपत्ति बताई है. भाजपा के नीरज सिन्हा सबसे गरीब उम्मीदवार के रूप में दिखाई दे रहे हैं. नीरज सिंन्हा के पास कुल मिलाकर 12.18 लाख चल संपति है और 8 लाख की अचल संपत्ति है. नीरज सिंन्हा के पास नकदी ₹70000 हैं.

बोर्ड के बाद 12 साल में ग्रेजुएट: बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है. नीरज ने सन 2012 में मैट्रिक की परीक्षा पास की जबकि साल 2024 में नीरज ने ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है. बोर्ड के बाद ग्रेजुएशन करने में नीरज को कुल मिलाकर 12 साल लग गए.

नामांकन के दौरान की तस्वीर (बिहार बीजेपी सोशल मीडिया एक्स)
भाजपा को कायस्थ जाति पर भरोसा: बांकीपुर भाजपा का सबसे मजबूत किला माना जाता है. नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर में विधानसभा चुनाव की नौबत आयी है. विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भी नामांकन कर रखा है. मुकाबले के लिए भाजपा ने कायस्थ जाति के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है. आपको बता दें कि बांकीपुर में कायस्थ जाति की आबादी सबसे अधिक है.