नई दिल्ली: मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर को दिल्ली-एनसीआर में रैपिड रेल के बन रहे नेटवर्क से बड़ी कनेक्टिविटी मिलेगी. इस कॉरिडोर को सैद्धांतिक मंजूरी के बाद DPR सर्वे का काम चल रहा है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ के साथ बैठक में इस पर मुहर लगी थी.नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC), यूपी और उत्तराखंड सरकार ने दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल रूट को आगे बढ़ाने पर काम करेंगे. ये करीब 150 किलोमीटर लंबा रूट दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन के अंतिम स्टेशन मोदीपुरम मेरठ से आगे बढ़ेगा.
दिल्ली-मेरठ से हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर तक
इसका यूपी में 72 किलोमीटर एरिया मेरठ और मुजफ्फरनगर से गुजरेगा. उत्तराखंड में 78 किमी का हिस्सा रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश से जाएगा. ये ट्रेन मोदीपुरम से दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर, पुरकाजी, रुड़की और फिर हरिद्वार में हर की पौड़ी से गुजरेगी और फिर ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला के करीब तक जाएगी.उत्तराखंड सरकार ने अतिरिक्त सचिव रीना जोशी को नोडल अफसर बनाया है. NCRTC और यूपी सरकार ने भी समन्वय अधिकारी बनाए हैं ताकि जमीन और रूट सर्वे में देरी न हो.
1. दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर
ऋषिकेश से नमो भारत ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन के जरिये दिल्ली-मेरठ नमो भारत के 82.15 किलोमीटर लंबे रूट से जुड़ेगा. इससे परतापुर, शताब्दी नगर के साथ गाजियाबाद के स्टेशनों साहिबाबाद, दुहाई, गुलधर और दिल्ली के आनंद विहार और सराय काले खां तक सीधा नेटवर्क बनेगा. इससे नोएडा, गाजियाबाद को भी ऋषिकेश तक कनेक्टिविटी मिलेगी.
2. दिल्ली-अलवर कॉरिडोर
दिल्ली-गुरुग्राम-शाहजहांपुर-नीमराना-अलवर नमो भारत कॉरिडोर का मुख्य केंद्र भी दिल्ली का सराय काले खां (Sarai Kale Khan) होगा. ये दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा इंटरचेंज हब बनेगा. ऋषिकेश-हरिद्वार के यात्री सराय काले खां से ट्रेन बदले बिना या उसी स्टेशन से अलवर तक कनेक्ट हो जाएंगे. ऋषिकेश, हरिद्वार वालों को गुरुग्राम, नीमराणा, अलवर तक हाईस्पीड नेटवर्क मिलेगा.
3. दिल्ली-सोनीपत-पानीपत कॉरिडोर
दिल्ली-सोनीपत-पानीपत कॉरिडोर रैपिड रेल का तीसरा बड़ा कॉरिडोर है, जो दिल्ली को हरियाणा के पानीपत से जोड़ता है. सराय काले खां या हजरत निज़ामुद्दीन के इंटरचेंज से उत्तराखंड और मुजफ्फरनगर के यात्री सीधे हरियाणा के सोनीपत और पानीपत रूट से जुड़ पाएंगे. यह रूट दिल्ली के सराय काले खां से मुकरबा चौक से गुजरते हुए पानीपत तक जाएगा.आगे ये दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर तक विस्तारित होगा.
4. गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट रूट
गाजियाबाद से जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का कॉरिडोर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रूट का एक्सटेंशन है. यह ग्रेटर नोएडा होते हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाएगा.हरिद्वार, ऋषिकेश और मुजफ्फरनगर के यात्री गाजियाबाद इंटरचेंज का इस्तेमाल कर सीधा जेवर एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
5. दिल्ली मेट्रो से भी कनेक्टिविटी
नमो भारत ट्रेन के यात्री आनंद विहार से दिल्ली मेट्रो (ब्लू और पिंक लाइन) और आनंद विहार रेलवे टर्मिनल और अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) से जुड़ते हैं. ये दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी से सीधे जुड़ा है.