रीवा, विदिशा, उज्जैन और इंदौर चलाएंगे नए IPS अफसर, मध्य प्रदेश में 12 ASP ट्रांसफर

भोपाल: मध्य प्रदेश शासन ने पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. दरअसल गृह विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश के तहत राज्य के 12 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों यानि एएसपी/एसपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है. इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं. वहीं गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

​आकाश भूरिया को मिली उज्जैन की कमान
​इस तबादला सूची में सबसे प्रमुख नाम आकाश भूरिया का है. विशेष शाखा उज्जैन में जोनल पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ आकाश भूरिया को अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला उज्जैन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, उज्जैन के अलावा कई अन्य जिलों में भी नए चेहरों की पदस्थापना की गई है. सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल रामदास प्रजापति को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला शिवपुरी बनाया गया है. इसके अलावा विदिशा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे को स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला सीहोर के पद पर तैनात किया गया है.

​रीवा, विदिशा और इंदौर में नए चेहरों की एंट्री
​प्रशासनिक सर्जरी के तहत रेल जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी को अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला रीवा बनाया गया है. वहीं 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर की उप सेनानी मोनिका तिवारी को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला विदिशा की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा रीवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान का भी ट्रांसफर कर दिया गया है, उन्हें अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीटीएस इंदौर के पद पर भेजा गया है. इसके साथ ही 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर में उप सेनानी मुकेश वैश्य को पुलिस अधीक्षक पीटीएस रीवा नियुक्त किया गया है.

​इस फेरबदल में कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और अन्य विशेष विंग्स में भेजा गया है. शिवपुरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार उडके को सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस महानिदेशक कार्यालय जबलपुर में पदस्थ किया गया है. 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर के उप सेनानी आशुतोष मिश्रा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर की कमान सौंपी गई है. इसी क्रम में सहायक पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पुलिस महानिदेशक नर्मदापुरम में पदस्थ संजीव मुले का तबादला सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस महानिरीक्षक इंदौर देहात के पद पर किया गया है.

​आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
​गृह विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी इस आधिकारिक आदेश में साफ निर्देश दिए गए हैं कि, सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना होगा. यह आदेश जारी होने के साथ ही प्रभावी माना जाएगा ताकि कानून व्यवस्था में कोई व्यवधान न आए.