राहुल गांधी के दौरे से पहले उत्तराखंड में बवाल, रात भर हंगामा; अब तक ढाई लाख रजिस्ट्रेशन

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे से पहले मंगलवार देर रात बवाल हो गया। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच टकराव हो गया। कांग्रेस परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने पर अड़ी रही, वहीं प्रशासन ने फिलहाल मैदान उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि वहां चल रहे केंद्र सरकार के कार्यक्रम की अवधि बढ़ा दी गई है। इससे पहले चार जून को खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का अल्मोड़ा और पौड़ी दौरा नहीं हो पाया था। अब 17 जुलाई के देहरादून कार्यक्रम से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

देर रात टैंट के सामान से लोड ट्रक भी पहुंचाए बन्नू ग्राउंड
मंगलवार रात भर कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच विवाद होता रहा। रातभर हाई वोल्टेज ड्रामा चला। वहीं राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पार्टी के नेता टैंट के सामान से लोड ट्रक भी परेड ग्राउंड लेकर आ गए थे, हालांकि 04 ट्रक पुलिस ने पहले ही बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचा दिए थे।

दो ट्रक परेड ग्राउंड के बाहर खड़े थे। देर रात पुलिस ट्रक ड्राइवर को ढूंढ कर लाई और सभी ट्रक बन्नू ग्राउंड पहुंचाए। जिलाधिकारी आशीष चौहान, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस फ़ोर्स तैनात रहा।

ढाई लाख पंजीकरण
वहीं प्रशासन के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए करीब ढाई लाख पंजीकरण होने की बात कही जा रही है।

ये है कांग्रेस का दावा
कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए 10 जुलाई को परेड ग्राउंड की अनुमति ले ली गई थी। परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार की ओर से ‘लोक संवर्धन पर्व’ आयोजित किया जा रहा था। अब इस कार्यक्रम की अवधि 17 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही 16 और 17 जुलाई को राज्यपाल के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों-युवाओं से संवाद कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन, समन्वय व व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए कांग्रेस ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिसके लिए समिति गठित की गई है।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी के अनुसार समिति में ओमप्रकाश सती संयोजक और मोहन काला, सुनित सिंह राठौर, यशपाल चौहान, सुलेमान अली, गोपाल सिंह गढ़िया, प्रशांत खंडूरी, विजयपाल रावत, सुशील डोभाल व आदर्श सूद को सदस्य बनाया गया है।