नई दिल्ली. एथेनॉल मिक्स पेट्रोल (E20) को लेकर इस समय देश में खूब विवाद हो रहा है. बहुत से लोग शिकायत कर रहे हैं कि ई-20 पेट्रोल से उनकी गाड़ी की माइलेज कम हो गई है और इंजन को नुकसान हो रहा है. वहीं, सरकार का कहना है कि यह वाहनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि जिन्हें एथेनॉल मिक्स पेट्रोल नहीं चाहिए, वे 100% प्योर पेट्रोल खरीद सकते हैं. बस प्योर पेट्रोल खरीदने के लिए जेब ज्यादा ढीली करनी होगी. ऐसा इसलिए है क्योंकि इसकी कीमत ई-20 पेट्रोल के मुकाबले काफी ज्यादा है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, नितिन गडकरी ने कहा है कि बिना एथेनॉल मिला पेट्रोल भी खरीद सकते हैं. जब गडकरी से पूछा गया कि क्या लोगों की चिंता दूर करने के लिए पंपों पर कम एथेनॉल मिक्स यानी ई-10 पेट्रोल वापस आ सकता है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा शायद ही हो. उन्होंने कहा, “जब हम 20% एथेनॉल मिक्सिंग का टारगेट पूरा कर चुके हैं और देश के कोने-कोने में E20 पेट्रोल मिल रहा है, तो पीछे हटना मुमकिन नहीं है.” हालांकि, अलग-अलग मिक्सिंग वाले पेट्रोल के विकल्प पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पेट्रोलियम मंत्रालय को करना है.
E20 पेट्रोल से गाड़ियों के इंजन खराब होने और माइलेज घटने की बात को नितिन गडकरी ने सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल को लेकर उपजा पूरा विवाद राजनीतिक रूप से प्रेरित है और सरकार को निशाना बनाने के लिए भ्रामक जानकारियां फैलाई जा रही हैं.
गडकरी ने दावा किया कि E20 ईंधन को पूरी तरह टेस्टिंग के बाद ही बाजार में उतारा गया है. E10 पर चलने वाली सभी गाड़ियां E20 के लिए पूरी तरह सही हैं. आज तक एक भी ऐसा मामला नहीं आया जहां E20 से किसी गाड़ी का इंजन खराब हुआ हो. मारुति सुजुकी जैसी बड़ी कंपनी भी इस बात की पुष्टि कर चुकी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही बाजार में फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियां (FFV) आने वाली हैं. इनके लिए कुछ पंपों पर E85 (85% एथेनॉल मिक्स) पेट्रोल भी मिलने लगा है.