कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर स्थित नारू क्लिनिक के समीप देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद घाटी में शोक छा गया है। शव की पहचान मन्नत सूद और ईशान निवासी जरी मणिकर्ण जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दो युवक एचपी-34डी-5181 नंबर की बाइक पर सवार होकर कुल्लू से अखाड़ा बाजार की ओर जा रहे थे। रात करीब दो बजे सड़क पर अचानक आए एक बेसहारा पशु से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के आंगन में जा गिरी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुल्लू से पीजीआई रेफर किए
स्थानीय निवासी रूप सिंह और श्याम लाल ने तुरंत पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घर को भी नुकसान
हादसे में जिस मकान के आंगन में बाइक गिरी, उसे भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशु को हादसे का कारण माना जा रहा है। बुधवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम करने के उपरांत उन्हें स्वजन के हवाले कर दिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।