‘अभिषेक बनर्जी बहुत बुरे हैं…’, TMC में टूट के बीच बोलीं ममता, बागियों को लेकर बड़ा ऐलान

Mamata Banerjee: पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि हमें हारने के लिए मजबूर किया गया और किसी दिन यह साबित हो जाएगा. उन्होंने कहा कि TMC कार्यकर्ताओं को बैठकें करने की इजाजत नहीं दी जा रही है. पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने बुधवार (15 जुलाई 2026) को बगावत के बीच अभिषेक बनर्जी का समर्थन किया और TMC को फिर से खड़ा करने का वादा किया. उनका यह समर्थन ऐसे समय में दिया गया है जब कई बागी नेताओं ने TMC छोड़ने के लिए अभिषेक बनर्जी के कथित मनमाने रवैये को जिम्मेदार ठहराया है. ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को गद्दार करार देते हुए जनता से माफी मांगी. उन्होंने कहा, ‘न तो मैंने और न ही मेरे परिवार ने कभी राजनीतिक अस्तित्व के लिए कोई समझौता किया है.’

हमने संघर्ष कभी खत्म नहीं किया: ममता

ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमने अपना संघर्ष कभी खत्म नहीं किया है. आज भी मैं कहती हूं कि जब हम सत्ता में थे तो केंद्र सरकार ने हमारी सारी फंडिंग रोक दी थी. इसके बावजूद हमने आम लोगों के लिए 105 प्रोजेक्ट शुरू किए थे. आज मैं अलग-अलग यूट्यूब और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख रही हूं करीब 1.5 करोड़ नाम लक्ष्मी भंडार योजना से हटा दिए गए. मुझे पता है कि इन 2 महीनों में बंगाल की हालत, बंगाल की संस्कृति, बंगाल का भाईचारा, महिलाओं की सुरक्षा और ‘एंटी-गुंडा एक्ट’ के नाम पर कई तरह के अत्याचार हो रहे हैं.’

उन्होंने कहा, ‘कई मामलों में गिरफ्तारियां हो रही हैं और धमकियां दी जा रही हैं. चूंकि BJP का अपना कोई संगठन नहीं है इसलिए उन्होंने कुछ गद्दारों को चुना है, जो कभी BJP का विरोध नहीं करेंगे और अगर वे करते भी हैं तो यह सिर्फ दिखावा होगा. ये लोग बीजेपी के इशारों पर दूसरों को धमकाते हैं. अब पुलिस स्टेशन प्रभारी BJP के ब्लॉक अध्यक्ष हैं और एसपी बीजेपी के जिला अध्यक्ष हैं. वे अलग-अलग इलाकों में जाकर विधायकों को धमका रहे हैं, मेरे सक्रिय कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं.

अभिषेक बनर्जी को लेकर ममता का बड़ा बयान

ममता बनर्जी ने कहा, ‘आज अभिषेक आपके (बागी TMC नेताओं के) लिए बहुत बुरे हैं. आपको याद नहीं कि उनकी पत्नी अपने बच्चों के साथ CBI के पास गई थीं. वह चाहते तो सेटिंग करके राहत पा सकते थे. अगर उनसे कोई गलती हुई भी तो उन्होंने उससे उबरकर दिखाया क्योंकि वह एक शेर की तरह लड़ रहे हैं.’

बीजेपी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘डर दिखाकर सभी नगर पालिकाओं को भंग कर रहे हैं. जिला परिषद और पंचायत की ग्राम सभाओं पर जबरदस्ती कब्जा कर रहे हैं. हमें चुनावों में जबरदस्ती हराया गया है. जब वे केंद्र से सत्ता खो देंगे तो डर ही उनकी हार का कारण बनेगा. BJP एजेंसियों और केंद्रीय बलों का गलत इस्तेमाल कर रही है. पुलिस BJP एजेंट के तौर पर काम कर रही है. TMC कार्यकर्ताओं को बैठकें करने की इजाजत नहीं दी जा रही है.’

हमें हारने के लिए मजबूर किया गया: ममता

पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमें हारने के लिए मजबूर किया गया. किसी दिन यह साबित हो जाएगा. अगर मैंने सेटिंग की होती तो हमें यह सब नहीं झेलना पड़ता, लेकिन मैं अपना जमीर नहीं बेचती. मुझे उन लोगों से अफसोस है जिन्होंने हमारे सिंबल पर लड़ने वाले इन लोगों को वोट दिया. जिन लोगों पर बोझ है वे कैंप में शामिल हो रहे हैं.’