जालौन; उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की एक मुस्लिम युवती ने अपने प्रेमी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने का दावा करते हुए एक वीडियो जारी किया है. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसमें युवती ने कहा कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर आई है और दोनों पिछले करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध में हैं. 7 जुलाई की रात 2 बजे मैं अपने घर से निकली थी.
मुस्लिम युवती ने परिजनों पर लगाए ये आरोप
वायरल वीडियो में युवती ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने परिजनों को अपने प्रेम संबंध की जानकारी दी तो उन्होंने इसका विरोध किया और उसकी इच्छा के खिलाफ कहीं और शादी कराने का प्रयास किया. युवती का यह भी कहना है कि उसके परिजन उसके प्रेमी के खिलाफ अपहरण का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं. जबकि, वह अपनी इच्छा से उसके साथ गई है.
युवती ने पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की मांग की
जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय मुस्लिम युवती काजल मंसूरी कालपी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है. उसने अपने प्रेमी ओम के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने का दावा किया है. काजल ने पुलिस और प्रशासन से अपनी और अपने पति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उसने कहा कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उसके परिजन और संबंधित जिम्मेदार लोग उत्तरदायी होंगे.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
मुस्लिम युवती ने वीडियो में यह भी स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और किसी के दबाव में नहीं है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसपर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.