Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में मियांजी सब्जवार कब्रिस्तान में कब्रों के साथ छेड़छाड़ की सूचना पर मुस्लिम समाज के लोग और पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
बुढ़ाना कस्बे के मियांजी सब्जवार कब्रिस्तान में कब्रों से छेड़छाड़ की घटना से मुस्लिम समाज में रोष है। कब्र के साथ छेड़छाड़ और आसपास पड़े मिले सामान से कुछ लोगों ने तांत्रिक क्रिया होने की आशंका व्यक्त की है। घटना को लेकर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। कब्रिस्तान कमेटी के सदस्यों ने कहा कि कमेटी कब्रिस्तान के लिए अधिक सुरक्षा वाले कदम उठाएगी।
कस्बे के मियांजी सब्जवार कब्रिस्तान में कब्रों के साथ छेड़छाड़ होने की सूचना पर कुछ लोग पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस तथा मुस्लिम समाज के लोगों ने बताया कि 5-6 कब्रों के साथ छेड़छाड़ हुई है। घटनास्थल पर कांच व प्लास्टिक की बोतल व धागा आदि पड़ा मिला।
समाज के लोगों का कहना था कि यह किसी तांत्रिक का कार्य हो सकता है। इसी के चलते लोगों ने कब्रिस्तान में तांत्रिक क्रिया होने की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने कब्रिस्तान का बारीकी से निरीक्षण किया। सबकी सहमति से कब्र को ठीक करवाया गया।
इंस्पेक्टर सुभाष अत्री का कहना था कि कब्रिस्तान में कोई तांत्रिक क्रिया नहीं हुई। कस्बे में घूम रहे मानसिक रूप से विकृत किशोर ये यह हरकत की है। पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह कुछ नहीं बता सका। सीओ गजेंद्र पाल सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साक्ष्य मिलने पर शरारती तत्व अथवा तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।