झज्जर : हरियाणा के झज्जर के बहादुरगढ़ के गांव सिलोठी के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई.
केएमपी एक्सप्रेसवे पर हादसा : जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर एक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. इसी दौरान पीछे से आ रहे 2 कैंटर आगे वाले वाहन से जा टकराये. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 3 लोगों की मौत हो गयी. मरने वालों में 2 कैंटर चालक और एक पैदल राहगीर शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु कराया गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच : दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं मृतकों के पास मिले मोबाइल फोनों के माध्यम से उनकी पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं. मृतकों के परिजनों के बहादुरगढ़ पहुंचने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.