ऋषिकेश। भारी बारिश की चेतावनी और गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल अलर्ट मोड पर हैं। ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी प्रमुख घाटों पर संयुक्त रूप से जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से तत्काल घाट खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई।
टीम के सदस्यों ने लोगों को बताया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बहाव अत्यंत तेज और खतरनाक हो गया है। एजेंसियों की ओर से घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
नदी किनारे नहीं जाने की अपील
सभी लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, नदी के किनारे जाने से बचने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम या आपदा राहत दल को सूचना देने की अपील की गई है।
अफवाहों से बचें श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग
श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों एवं निर्देशों का पालन करें।