राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों का पूरा शेड्यूल: 5 नवंबर तक अलग-अलग पदों के लिए मतदान होगा

जयपुर। राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों की तारीख तय हो गई है। इस बार राज्य निर्वाचन आयोग को चुनाव की घोषणा करने से पहले उसे हाईकोर्ट को चुनाव की तारीख बतानी पड़ी है। राजस्थान में पंचायत चुनावों की घोषणा 23 सितंबर को होगी।

पंचायत चुनाव के लिए 13 अक्टूबर से 5 नवंबर तक अलग-अलग चरणों में मतदान होगा और 12 नवंबर तक परिणामों की घोषणा होगी। वहीं, नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा 17 अगस्त को होगी।

6 और 9 सितंबर को मतदान होगा और 11 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद निकायों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

इन तारीखों का उल्लेख निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में पेश किए जवाब में किया है, इसलिए हो सकता है कि निर्वाचन आयोग जब तारीखों की घोषणा करें तो इनमें कुछ परिवर्तन हों।

निकाय चुनाव के एक चरण में लगेंगे 60,000 कर्मचारी

नगरीय निकाय चुनाव दो चरण में करवाया जाना प्रस्तावित है। इसका कारण है कि नगरीय निकाय चुनाव के एक चरण के लिए 60,000 कर्मचारी और 50 हजार पुलिस कर्मी चाहिए। नगरीय चुनाव दो चरण में कुल 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्ड के 16,482 मतदान केन्द्रों पर होगा, जिसमें 14,375,806 मतदाता भाग लेंगे। नगरीय चुनाव प्रत्यक्ष रूप से केवल सदस्य पद के लिए होगा। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

पंचायत चुनाव के एक चरण में 80,000 कर्मचारी लगेंगे

पंचायती राज चुनाव चार-चार चरण में होंगे। पंचायती राज चुनाव के एक चरण के लिए 80,000 कर्मचारी और 70,000 पुलिस कर्मी चाहिए । इसी प्रकार पंचायत में कुल 14,403 ग्राम पंचायतों, 457 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों के कुल 45,316 मतदान केंद्रों पर होगा, जिसमे कुल 40,218,969 मतदाता भाग लेंगे। पंचायत चुनाव प्रत्यक्ष रूप से चार पदों वार्ड पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए होगा। इसके बाद उपसरपंच, प्रधान, उप प्रधान, जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख के चुनाव होंगे।

राजस्थान में लंबे समय से पंचायत-निकाय चुनाव की घोषणा को लेकर इंतजार किया जा रहा था। वो इंतजार आज खत्म हो गया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आज सरकार ने पंचायत और निकाय चुनाव की डेट और शेड्यूल को कोर्ट के सामने रखा। इसके अनुसार अगस्त में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।