मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में किसान सेना के एक काफिले को दिल्ली जाने से रोक दिया गया। यह काफिला भारत बचाओ मोर्चा के आह्वान पर अमेरिका-इंडो डील के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहा था।
किसान सेना के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इसरार त्यागी के नेतृत्व में सहारनपुर मंडल और मुजफ्फरनगर क्षेत्र के पदाधिकारी व कार्यकर्ता चरथावल क्षेत्र के चौकड़ा से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। चरथावल क्षेत्र में भारी पुलिस बल ने इस काफिले को रोक लिया।
पुलिस और किसान नेताओं के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई, लेकिन काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। किसान सेना ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे और पुलिस द्वारा रोका जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
गौरतलब है कि भारत बचाओ मोर्चा के बैनर तले अमेरिका-इंडो डील के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर पर विभिन्न किसान, मजदूर और सामाजिक संगठनों द्वारा एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में संगठनों के शामिल होने का दावा किया गया था।