बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में चोरी के एक आरोपी ने पुलिस को ऐसा चकमा दिया कि तीन पुलिसकर्मियों की नौकरी पर ही बन आई. दरअसल, चोरी के मामलों में गिरफ्तार एक आरोपी सोमवार को पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया. आखिरकार देर रात पुलिस ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया, लेकिन ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
शिनाख्त के दौरान चकमा देकर फरार हुआ आरोपी
पुलिस के अनुसार, घुमारवीं उपमंडल की औहर पंचायत में पंचायती राज चुनावों के दौरान दो घरों में चोरी हुई थी, जबकि आठ से दस घरों में चोरी का प्रयास किया गया था. मामले की जांच के दौरान झंडूता पुलिस ने 6 जुलाई को पंजाब के घनौली निवासी सलीम को गिरफ्तार किया था. आरोपी को चोरी की वारदातों का मुख्य सरगना बताया जा रहा था. पुलिस आरोपी सलीम को हीरापुर और भंजवाणी क्षेत्र में चोरी वाली जगहों की शिनाख्त कराने ले गई थी. पुलिस वाहन में चालक समेत चार जवान मौजूद थे. इसी दौरान भंजवाणी के पास किसी विवाद की सूचना मिलने पर दो पुलिसकर्मी वहां चले गए, जबकि दो जवान आरोपी की निगरानी कर रहे थे. इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर पास की डांक में छलांग लगाकर फरार हो गया.
देर रात फिर पकड़ा गया आरोपी
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया. कई घंटों तक चली तलाश के बाद देर रात पुलिस टीमों ने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा में पुलिस हिरासत में रखा गया है.
तीन पुलिस जवानों पर गिरी गाज
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी के फरार होने के तुरंत बाद पुलिस टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया था. उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी को देर रात पकड़ लिया गया था. वहीं, ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर तीन पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है.