इन 18 राज्यों में होगी भयंकर बारिश, IMD की चेतावनी, दिल्ली-यूपी और बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?

मेरठ: मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई है. इस दौरान मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 18 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की गई है. 22 से 25 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के कारण समुद्र में उतरने पर रोक लगाई गई है.

मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, केरल और ओडिशा समेत 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पूरे दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे. हालांकि 23 जुलाई से मौसम में कुछ राहत देखने को मिलेगी. 24 और 25 जुलाई को कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है.

यूपी में कहां-कहां बारिश
उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार आज पश्चिमी व पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट है जबकि पूर्वी यूपी में 23-24 जुलाई के दौरान बारिश और 26-27 जुलाई को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है.पश्चिमी यूपी में 25-27 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा.

बिहार में अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के कई इलाकों में अगले 24-48 घंटों के दौरान तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर समेत उन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जहां भारी बारिश की संभावना है. बिहार के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है जिसमें पटना, गया, रोहतास, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सिवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय शामिल हैं.

पहाड़ों का क्या है हाल
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने 22 से 27 जुलाई के दौरान मध्यम से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने इस दौरान गरज-चमक की संभावना जताई है. हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. राज्य में 22 से 27 जुलाई तक कई जगहों पर भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.