बलरामपुर : त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई.इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जो मृतक के भतीजे हैं.बताया जा रहा है कि शिक्षक का अपने ही भाई के साथ जमीन विवाद चल रहा था.इसी विवाद के कारण हत्याकांड को अंजाम दिया गया.
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
इस घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना की पुलिस सहित आसपास के अन्य थाना चौकी से भी पुलिस बल मौके पर पहुंची. घटना स्थल का बारीकी से जांच मुआयना कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई. पुलिस ने इस हत्या के मामले में बीएनएस की धारा 103(2) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की खोजबीन की. चारों तरफ घेराबंदी करने के बाद हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया.
जमीन विवाद को लेकर अंजाम दिए गए इस हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और चाकू जब्त कर लिया गया है.आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है- बाजीलाल सिंह, एसडीओपी
जमीन विवाद में हत्याकांड
इस संबंध में एसडीओपी बाजीलाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षक जयकरन धमनी शासकीय स्कूल में पढ़ाने के लिए जा रहे थे.इसी दौरान उन पर उनके ही भतीजे बृजमोहन और हरिमोहन ने घात लगाकर हमला किया. जयकरन के सिर पर लोहे के औजार से हमला हुआ.अचानक हुए हमले से जयकरन संभल नहीं पाया और जमीन पर गिर गया.इसके बाद दोनों आरोपी जयकरन को घसीटकर सड़क के किनारे ले गए.इसके बाद उसकी गला रेंतकर हत्या कर दी.हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे.