गाजियाबाद: कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस ने सात अगस्त से 12 अगस्त तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के यूपी वाले हिस्से को बंद करने का फैसला किया है। इस वजह से दिल्ली आने-जाने वाले ट्रैफिक में 7 अगस्त से रुकावटें आ सकती हैं।
स्पीडवे की सभी लेन रहेंगी बंद
एडिशनल डीसीपी (ट्रैफिक) वरुण सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि दिल्ली बॉर्डर पर यूपी गेट से मेरठ बॉर्डर के पास काशी टोल प्लाजा तक, पांच दिनों के लिए स्पीडवे की सभी छह लेन कार, ट्रक और बसों के लिए बंद रहेंगी। हालांकि, बगल वाली एनएच-9 की लेन खुली रहेंगी। पिछले साल पुलिस ने कुछ समय के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से ट्रैफिक को दूसरी तरफ मोड़ दिया था, जिससे एनएच-9 पर जाम लग गया था। इस वजह से ज्यादातर गाड़ियों को एनएच-9, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और नोएडा के रास्ते भेजा गया था।
भारी वाहनों के लिए 29 जुलाई से रोक
एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, हल्के और मध्यम वाहनों के लिए प्रतिबंध 7 अगस्त को सुबह 8 बजे से शुरू होंगे और 12 अगस्त को शिवरात्रि तक लागू रहेंगे। भारी वाहनों को 29 जुलाई से इस क्षेत्र में जाने से रोक दिया जाएगा। इस रास्ते के बंद होने से डाक कांवड़, नंगे पैर मार्ग पर चलने वाले तीर्थयात्रियों को ट्रकों और बाइक पर रिले टीमों के साथ निर्बाध आवाजाही की अनुमति मिल जाएगी, जो मुख्य रूप से एक्सप्रेसवे का उपयोग करते हैं।
श्रद्धालू तीन रास्तों का करते हैं इस्तेमाल
दिल्ली और यूपी के आसपास के जिलों के श्रद्धालू हरिद्वार पहुंचने के लिए तीन रास्तों का इस्तेमाल करते हैं, जहां से वे सालाना यात्रा के लिए अपनी कांवरों में गंगाजल भरते हैं। पैदल यात्रा करने वाले ज़्यादातर श्रद्धालु लोनी बॉर्डर और निवाड़ी के बीच पाइपलाइन रोड का इस्तेमाल करते हैं, जबकि काफी संख्या में लोग जीटी रोड होते हुए नेशनल हाईवे 34 से जाते हैं। कुल मिलाकर ये तीनों रास्ते गाजियाबाद में 150 किलोमीटर तक फैले हुए हैं।
जानिए किन रूट के वाहनों को किया जाएगा डायवर्ट
दिल्ली से तुलसी निकेतन, सीमापुरी और आनंद विहार बॉर्डर से आने वाले वाहनों को यूपी गेट पर रोका जाएगा और उन्हें चौधरी चरण सिंह मार्ग, गाजीपुर मंडी और एनएच-9 से होते हुए (दासना इंटरसेक्शन से ईपीई का इस्तेमाल करके) या अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ईपीई इंटरसेक्शन के रास्ते हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद या लखनऊ भेजा जाएगा।
बागपत से दिल्ली जाने वाले वाहन होंगे डायवर्ट
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि बागपत से दिल्ली जाने वाले वाहनों को ट्रोनिका सिटी या सोनिया विहार और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि हापुड़ या बुलंदशहर से आने वाले वाहन सीधे डासना, लाल कुआं या आत्माराम स्टील प्लांट क्रॉसिंग से गाजियाबाद में घुसने के बजाय एनएच-9 का इस्तेमाल करेंगे।
पाइपलाइन मार्ग पर भी गाड़ियों पर रोक
लोनी बॉर्डर से लोनी कस्बा की ओर और सिद्धार्थ विहार में संतोष मेडिकल कट से मेरठ क्रॉसिंग की ओर भारी गाड़ियों का आना-जाना पूरी तरह बंद रहेगा। यह रोक इंदिरापुरम के उन रास्तों पर भी लागू होगी जो गौर ग्रीन एवेन्यू, खोड़ा, कालापत्थर, नोएडा के सेक्टर 62, छिजारसी और कनावनी पुस्ता से एनएच-9 की ओर जाते हैं। इसके साथ ही गंगानहर पटरी कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, एनएच-34 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी यह रोक रहेगी। गंगानहर पटरी कांवड़ मार्ग और पाइपलाइन मार्ग पर भी गाड़ियों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
एनएच-34 की मेरठ जाने वाली लेन का इस्तेमाल
मोहननगर, मेरठ क्रॉसिंग, राजनगर एक्सटेंशन या हापुड़ चुंगी से आने वाली कारें और दूसरी हल्की गाड़ियां एनएच-34 की मेरठ जाने वाली लेन का इस्तेमाल करेंगी। पुलिस ने बताया कि 5 अगस्त से पलवल या कुंडली से ईपीई होते हुए गाजियाबाद शहर, मुरादनगर या मोदीनगर जाने वाली हल्की गाड़ियों को दुहाई कट से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। उन्हें एनएच-9 से आगे बढ़ने से पहले दसना कट से बाहर निकलना होगा।
पटेल नगर फ्लाईओवर पर भी आवाजाही रहेगी बंद
इसके साथ ही गाड़ियों के चौधरी मोड़, गौशाला क्रॉसिंग, हापुड़ क्रॉसिंग या कैला भट्टा से दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी और पटेल नगर फ्लाईओवर पर भी गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी। रेलवे स्टेशन रोड, किराना मार्केट, रामतेताराम रोड, घंटाघर, बजरिया रोड और दिल्ली गेट से आने वाली हल्की गाड़ियों को भी मंदिर की ओर जाने की इजाजत नहीं होगी।
इन मार्गों पर ऑटो चलाने की भी नहीं होगा इजाजत
मेरठ क्रॉसिंग से आने वाले वाहनों को मोक्षधाम हिंडन ब्रिज, कनावनी या इंदिरापुरम की ओर जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके बजाय उन्हें नया बस अड्डा से चौधरी मोड़, विजय नगर रेलवे ब्रिज होते हुए एनएच-9 पर भेजा जाएगा। सीमापुरी बॉर्डर और लाल कुआं के बीच एनएच-34 के कांवड़ मार्ग वाले हिस्से पर या मोहननगर और आनंद विहार के बीच ऑटो चलाने की इजाजत नहीं होगी।
रोडवेज बसों को भी शहर में घुसने की इजाजत नहीं होगी
पुलिस ने बताया कि 5 से 12 अगस्त के बीच सभी रोडवेज, प्राइवेट, सिटी और इलेक्ट्रिक बसों को सीमापुरी बॉर्डर या तुलसी निकेतन से शहर में घुसने की इजाज़त नहीं होगी। इसके बजाय उन्हें चौधरी चरण सिंह मार्ग, दिलशाद गार्डन, दिल्ली-गाजीपुर मंडी, यूपी गेट और एनएच-9 (दासना इंटरसेक्शन और ईपीई होते हुए) या अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा।
बुलंदशहर से गाजियाबाद जाने वाली बसें भी रोकी जाएंगी
एडीसीपी ने बताया कि बुलंदशहर से गाजियाबाद जाने वाली बसें लाल कुआं पर ही रुक जाएंगी और उन्हें शहर के अंदर आगे जाने की इजाजत नहीं होगी। आनंद विहार और कौशांबी से आने वाली बसों को गाजियाबाद में घुसने की बिल्कुल भी इजाजत नहीं होगी और उन्हें चौधरी चरण सिंह मार्ग, गाजीपुर मंडी, एनएच-9 और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।