शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले छह दिनों तक वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 28 और 29 जुलाई को कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ गया है।
6 जिलों में दो दिन खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 जुलाई तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर तथा कुछ अन्य जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 28 और 29 जुलाई को मंडी, सिरमौर, शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर और सोलन में भारी से बहुत भारी वर्षा का खतरा है।
प्रशासन की एडवायजरी
लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी जिला अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए हैं।
धर्मशाला में सबसे ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार की रात और शनिवार सुबह धर्मशाला में सर्वाधिक 80.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा पालमपुर में 62 मिमी, मंडी में 39.8 मिमी, कांगड़ा में 30.4 मिमी और सराहन में 28.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भरमौर में सबसे कम तापमान
अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान मंडी में 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान भरमौर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कब कहां होगी ज्यादा बारिश
25 जुलाई: चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी वर्षा की संभावना।
26 जुलाई: कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी वर्षा का यलो अलर्ट।
27 जुलाई: चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी वर्षा के आसार।
28 जुलाई: मंडी, सिरमौर, सोलन और हमीरपुर में भारी से बहुत भारी वर्षा, जबकि ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व शिमला में भारी वर्षा की चेतावनी।
29 जुलाई: कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी से बहुत भारी वर्षा, अन्य कई जिलों में भी भारी वर्षा की संभावना।