बागेश्वर । होटल, होम-स्टे तथा रिसॉर्ट की ऑनलाइन बुकिंग में बढ़ती साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए साइबर सेल ने एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे ऑनलाइन बुकिंग करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या मोबाइल नंबर पर भरोसा न करें। साइबर सेल के अनुसार, ठग फर्जी वेबसाइट, इंटरनेट मीडिया पेज, गूगल पर प्रायोजित लिंक और नकली मोबाइल नंबरों के माध्यम से लोगों से एडवांस भुगतान कराते हैं। भुगतान के बाद ठग संपर्क खत्म कर देते हैं।
पुलिस ने सलाह दी है कि होटल की बुकिंग हमेशा उसकी आधिकारिक वेबसाइट से करें और बिना सत्यापन के किसी लिंक या मोबाइल नंबर पर भरोसा न करें। यदि कोई ठगी का शिकार हो जाए, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।