उत्तराखंड के बागेश्वर में दूध से निकले कीड़े, क्षेत्र में मचा हड़कंप

बागेश्वर। क्षेत्र में एक कंपनी के दूध से कथित रूप से कीड़े निकलने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दर्शानी निवासी उपभोक्ता कैलाश ने एक दुग्ध वाहन से दूध खरीदा था। उन्होंने दूध में कीड़े दिखाई देने का दावा किया है। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है।

दुग्ध वाहन से खरीदा था दूध
दर्शानी के उप ग्राम प्रधान कैलाश जोशी का कहना है कि उन्होंने एक दुग्ध वाहन से दूध खरीदा था। जब दूध का उपयोग किया तो उसमें कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर साझा किया और लोगों से दूध खरीदने के बाद दूध की अच्छी तरह जांच करने की अपील की।

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दूध की गुणवत्ता को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि दूध जैसे आवश्यक खाद्य पदार्थ में इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दूध के नमूने परीक्षण के लिए भेजने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल ने कहा कि सूचना मिलते ही फूड इंस्पेक्टर को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने सैंपल लेकर टेस्ट के लिए लैब में भेज दिया है।