जयपुर। राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को सिरोही, अलवर, राजसमंद, कोटपूतली-बहरोड़, टोंक, जालोर, श्रीगंगानगर, जोधपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ में एक मकान भी बिजली गिरने से ढह गया।
जोधपुर में करीब तीन घंटे हुई तेज बारिश से शहर की गलियों में नदी की तरह पानी बहने लगा। सिरोही में ढाई घंटे तक हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। माउंट आबू में 6 घंटे में 8 इंच बारिश हुई। तेज बारिश के चलते पहाड़ों से झरने बहने लगे।
बीकानेर के लूणकरणसर में कंवरसेन नहर का चैनल टूटने से करीब 300 बीघा में खड़ी मूंगफली और कपास की फसल बर्बाद हो गई है। जोधपुर के भीतरी इलाके में सड़क पर नदी की तरह बारिश का पानी बहने लगा।
वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में तेज बरसात का असर राजस्थान के रेलवे ट्रैफिक पर हुआ है। मुंबई रूट की 6 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। जबकि दो ट्रेनें आंशिक रद्द हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।
इससे पहले गुरुवार को भी कई जिलों में भारी बारिश हुई थी। भीलवाड़ा के रायपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बिजली गिरने से नाना-दोहिती की मौत हो गई थी। वहीं, उदयपुर के लसाड़िया में 24 घंटे में 11 इंच से ज्यादा पानी बरसा था।