रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस को जांच के दौरान बड़ी रकम हाथ लगी है। रायपुर-दुर्ग जिला की सीमा से लगे कुम्हारी थाना क्षेत्र में दो स्कॉर्पियो वाहन से पुलिस ने 6 करोड़ 60 लाख रुपये बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक यह रकम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गुजरात ले जाई जा रही थी। महाराष्ट्र पासिंग दोनों गाड़ियों में कैश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इतनी बड़ी रकम ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज भी नहीं है। इतना कैश देखकर पुलिस भी भौंचक रह गई।
कुम्हारी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस की चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा नकदी को कार से जब्त किया गया है। दो वाहनों में चार लोग सवार थे। सभी को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। कार सवार लोग इतनी बड़ी नकदी के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। कार सवार लोगों के पास रकम को लेकर कोई वैध दस्तावेज भी नहीं है। माना जा रहा है कि बरामद नकदी हवाला कारोबार से जुड़ा हो सकता है। रकम बरामदगी की सूचना आयकर विभाग को दी गई है।
मामला आयकर को सौंपा जाएगा पुलिस के मुताबिक आयकर की जांच टीम अब रकम की वैधता और स्रोत की जानकारी जुटा रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अफसर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। इतनी बड़ी रकम रायपुर से किसे भेजा गया था और किसको देना था… इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस इस मामले में मामले को आयकर को सौंपने की बात कह रही है। वहीं इतनी बड़ी रकम मिलने की खबर ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया।
दो नंबर का पैसा होने का चर्चा बता दें कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के जेवरों की बरामदगी हुई थी। चुनाव खत्म होने के डेढ़ साल बाद अब इतनी बड़ी रकम की जब्ती को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही है। लोगों का कहना है कि यह दो नंबर का पैसा है, जिसे हवाला के जरिए छत्तीसगढ़ से गुजरात भेजा जा रहा था।