इंदौर: अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कार चलाते समय एक युवक को हार्ट अटैक आ गया. अचानक तबीयत बिगड़ने से कार बेकाबू हो गई और सड़क पर पैदल चल रही मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद दीवार से टकराकर कार पलट गई. एक्सीडेंट की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई. इनमें से किसी ने घटना के बारे में अन्नपूर्णा थाना पुलिस को सूचना दी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ड्राइवर को आया हार्ट अटैक
अन्नपूर्णा टीआई अजय नायर ने बताया,”यह घटना गुरुवार की देर रात अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी से गोपुर चौराहे के पास घटी. गैरेज से काम खत्म कर मितेश कार से सूर्यदेव नगर स्थित अपने घर जा रहा था. तभी उसके सीन में तेज दर्द उठा और वह बेसुध होकर बगल वाली सीट पर गिर पड़ा, जिससे कार अनियंत्रित हो गई. बेकाबू कार ने सर्विस लेन में पैदल चल रही मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया और दीवार से टकराकर कार पलट गई. वहीं कार की चपेट में आईं मां-बेटी चोटिल होकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”
कार चालक का इलाज जारी
देर रात जब यह एक्सीडेंट हुआ, तो वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तत्काल घटना के बारे में अन्नपूर्णा थाना पुलिस को जानकारी दी. वहीं सूचना मिलते ही चंद मिनटों में पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को अपने काबू में लिया. कार में बेसुध पड़े 34 वर्षीय मितेश को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया. वहीं घटना के बारे में पता चलते ही कार चालक के परिवार वाले अस्पताल पहुंचे.
गैरेज संचालित करता है युवक
मितेश यादव के परिजन ने बताया कि “युवक कार का मकैनिक है और स्कीम-78 में खुद का गैरेज चलाता है. उसका जिस कार से एक्सीडेंट हुआ है, वह कार मरम्मत के लिए गैरेज में आई थी, जिसको सही करके शुक्रवार को वापस करना था. इसलिए युवक देर रात तक गैरेज में काम कर रहा था, जब कार सही हो गई तो वह उसी कार से घर निकल गया. इस बीच रास्ते में युवक के सीने में असहनीय दर्द उठा, जिसके वजह से वह बेसुध होकर कार में गिर पड़ा. युवक के बेहोश होने के कारण कार बेकाबू हो गई और पूरा घटनाक्रम हो गया.”
कार ड्राइवर की हालत में सुधार
इस पूरे घटनाक्रम में घायल मां-बेटी और कार चालक मितेश यादव का अस्पताल में इलाज चल रहा है. अन्नपूर्णा पुलिस के मुताबिक डॉक्टर ने पुष्टि की है कि गाड़ी चला रहे ड्राइवर को हार्ट अटैक आया था. फिलहाल, दोनों घायलों सहित मितेश की हालत में सुधार है. पुलिस ने अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है. स्वस्थ होने के बाद जब मां-बेटी आवेदन देगी, उसी के मुताबिक पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.