इसी महीने 29 जुलाई से शुरू होने वाले पवित्र श्रावण मास को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर तैयारियां कर रही है, कांवड़ यात्रियों को मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इसी के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों पर मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों को पर्दों से ढकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक, इस प्रक्रिया के तहत जिले में कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली कुल 113 शराब की दुकानों को पर्दों से ढका जाना है. फिलहाल, दुकानें खुली हैं और बिक्री जारी है. आबकारी विभाग का कहना है कि जैसे ही शासन से दुकानों को बंद करने के आदेश मिलेंगे, उनका तत्काल पालन कराया जाएगा.
पर्दों से ढकी जा रहीं शराब दुकानें
दरअसल, कांवड़ यात्रा के दौरान शराब की दुकानों के नाम और बोर्ड श्रद्धालुओं को दिखाई न दें, इसके लिए हर साल की तरह इस बार भी दुकानों को पर्दों से ढका जा रहा है. हालांकि, अभी तक दुकानों को बंद करने के आदेश जारी नहीं हुए हैं, इसलिए निर्धारित नियमों के तहत बिक्री जारी है.
शराब दुकानों को ढके जाने पर दुकानदारों ने क्या कहा?
सिटी आबकारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार के अनुसार, फिलहाल पुरानी व्यवस्था के तहत दुकानों को ढकवाया जा रहा है. शासन से जैसे ही नए निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, शराब दुकानों के सेल्समैनों का कहना है कि यह हर साल की प्रक्रिया है और वे आबकारी विभाग की गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं. उनका कहना है कि सावन के महीने में वैसे भी बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में कम रहती है, लेकिन अभी दुकानों को बंद करने का कोई आदेश नहीं मिला है.