मुजफ्फरनगर। साइबर ठगों ने कारोबारी का वाट्सएप हैक कर उनके एकाउंटेंट से दो करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम ट्रांसफर करने के बाद एकाउंटेंट ने कारोबारी को काल किया तब ठगी का पता चला। आंध्र प्रदेश के ठगों ने हैदराबाद की एक कंपनी में रुपये ट्रांसफर कराए हैं। साइबर पुलिस ने 1.23 करोड़ रुपये फ्रीज करा दिए हैं।
शांति मदन हास्पिटल के चिकित्सक डॉ. सहज गर्ग के चचेरे भाई कुशाग्र अग्रवाल फ्यूचर मोबाइल एलएलपी नामक कंपनी में साझेदार हैं। यह कंपनी देशभर में प्रमुख मोबाइल निर्माता कंपनियों के मोबाइल, इलेक्ट्रिक गैजेट्स आपूर्ति करने के लिए मुख्य होलसेलर के रूप में काम करती है।
विभिन्न ऑनलाइन फ्लेटफॉर्म पर नए मोबाइल, सामान डिलीवर करती है। कुशाग्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 जुलाई को उनके व्हाट्सएप को हैक कर उनके कर्मचारी संजय के मोबाइल फोन पर मैसेज भेजा गया। व्हाट्सएप चैटिंग कर सुब्रमण्यम इपैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के आईसीआईसीआई शाखा बेगमपेट, हैदराबाद का खाता भेजकर दो करोड़ रुपये स्थानांतरित करा लिए और फोन बंद कर लिया।
रकम स्थानातंरित होने के बाद एकाउंटेंट संजय ने उन्हें कॉल कर इसकी जानकारी दी। तब जांच की गई तो पूरा खेल साइबर ठगों का रचा हुआ निकला। इससे पहले भी कंपनी के कर्मचारी सर्वेश कुमार के व्हाट्सएप से एक फाइल आई थी, जो सर्वेश के मोबाइल से कंपनी के दूसरे कर्मचारियों के पास भी भेजा गया था।
साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रुपये लेने का पहला चरण आंध्र प्रदेश का निकला है। उसके बाद हैदराबाद, बंगाल, लखनऊ समेत विभिन्न क्षेत्रों के खातों में रुपये भेजे गए हैं। फिलहाल 1.23 करोड़ रुपये साइबर ठगों के खातों में फ्रीज कराए गए हैं, जिन्हें वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है।