एअर इंडिया की फ्लाइट लेट होने पर भड़के हनुमान बेनीवाल: बोले-जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती सरकार

जयपुर। एअर इंडिया की जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट सोमवार सुबह लेट होने पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने नाराजगी जताते हुए सरकार पर निशाना साधा। बेनीवाल को सुबह 11 बजे से चल रहे संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले दिल्ली पहुंचकर विपक्ष के साथी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करनी थी।

लेकिन एअर इंडिया की जयपुर-दिल्ली उड़ान (AI 1834) निर्धारित समय 8:50 बजे उड़ान नहीं भर सकी। विमान ने एक घंटे और 20 मिनट की देरी से करीब 10:10 बजे उड़ान भरी।

lसमय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाने से नाराज बेनीवाल ने X (ट्विटर) पर लिखा- देश में आए दिन उड़ानों में हो रही देरी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी और सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राममोहन नायडू इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर कोई प्रभावी नियंत्रण ही नहीं बचा है।

उन्होंने लिखा- सरकार को यह समझने की आवश्यकता है कि देश की विमानन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और यात्रियों के समय का सम्मान करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। इससे लगातार मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। एअर इंडिया को टैग करते हुए उन्होंने लिखा- अक्सर उनकी उड़ानों में लेटलतीफी होती है, लेकिन सरकार न तो एअर इंडिया की जवाबदेही तय करती है और न ही सुधार के प्रयास करती है।

एअर इंडिया ने जताया खेद

बेनीवाल की इस पोस्ट के बाद एअर इंडिया ने जवाब देते हुए इस पर खेद जताया। कंपनी के अधिकारिक अकाउंट से लिखा गया- ‘हम आपकी चिंता को समझते हैं। उड़ान AI 1834 में देरी आने वाले विमान के लेट पहुंचने के कारण हुई है।’