Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश, उत्तराखंड में आज कहां-कहां अलर्ट

देहरादू: Uttarakhand weather 27 july: उत्तराखंड में इस सप्ताह मानसून और सक्रिय होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, आठ जिलों में गरज के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, यूएसनगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार में भी बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। रविवार को दून में दिनभर धूप और उमस के कारण गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। देहरादून में कई इलाकों में शाम के समय झमाझम बारिश हुई।

पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर से दुकानों को नुकसान
घनसाली, संवाददाता। भिलंगना क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने के साथ-साथ भूस्खलन और पहाड़ियों से बोल्डर गिरने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद चमियाला बाजार में पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिरने से कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, संयोगवश बाजार बंद होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि को हुई तेज बारिश के दौरान चमियाला बाजार के ऊपर स्थित पहाड़ी से भारी-भरकम बोल्डर अचानक नीचे आ गिरे। इन बोल्डरों की चपेट में आने से पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान की पूरी छत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास की कई दुकानों के शटर भी टूट गए। बोल्डरों के गिरने से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारियों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियां कमजोर पड़ गई हैं, जिससे क्षेत्र में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। यदि यह घटना बाजार खुला होने के दौरान होती तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

हरिद्वार में गर्मी से बेहाल रहे लोग, पारा 3.6 डिग्री चढ़ा
धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे। दिन में तपती धूप और उमस में लोगों के पसीने निकल गए। दोपहर के समय भी लोगों को आवाजाही में तेज धूप ने परेशान किया। शाम को भी गर्मी का अहसास बना रहा। वहीं बढ़ती गर्मी के साथ रविवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई।

आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार धर्मनगरी में रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा था। रविवार को अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया।