‘हमें हाथ जोड़ना भी आता है और तोड़ना भी’, नई वाली कांग्रेस के नाम पर किसे डरा रहे जीतू पटवारी

दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में प्रचार जोरों पर है। बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस नेताओं ने भी अपने उम्मीदवार की जीत के लिए जोर लगाए हुए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के तल्ख तेवर देखने को मिले हैं। उन्होंने नई कांग्रेस के नाम पर गड़बड़ी करने वालों को डराया है।

हाथ जोड़ना और तोड़ना भी आता है
दतिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पुलिस-प्रशासन ने उंगली भी दिखाई तो कांग्रेस अब पुरानी वाली नहीं बची है। ये नई कांग्रेस है। हेमंत कटारे की, जयवर्धन की और आप कार्यकर्ताओं की। जीतू पटवारी ने कहा कि हमें हाथ जोड़ना भी आता है और हाथ तोड़ना भी।

50 करोड़ रुपए बांटने का आरोप
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि दतिया की धरती पर 50 करोड़ रुपए उतरे हैं। हार के डर से बीजेपी बौखला गई है। दतिया के होटल में बीजेपी का कार्यालय है। वहां से रुपए बांटे जा रहे हैं। एक साथ जिले के छह-सात टीआई बदले दिए गए हैं। उन्हें नरोत्तम मिश्रा पर भी भरोसा नहीं है। जीतू पटवारी ने कहा कि पुलिस की गाड़ियों में भी रुपए पहुंचाएंगे।

तुरंत उन्हें खदेड़ना
इसके साथ ही जीतू पटवारी ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि दतिया में पोलिंग लूटने की कोशिश है। लुटेरे मतदान केंद्र के रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि इन्हें खोजना है और तुरंत खदेड़ देना है।

अधिकारियों को चेताया
जीतू पटवारी ने अधिकारियों को भी चेताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी से जुड़े सारे गुंडे कान खोलकर सुन लें, 2028 में कांग्रेस की सरकार बन रही है। यदि चुनाव में गड़बड़ी की तो सबकुछ याद रखा जाएगा। पूरा हिसाब लिया जाएगा।

गौरतलब है कि जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत को लेकर लगातार दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि 25,000 वोटों से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत होगी। जीतू पटवारी दतिया उपचुनाव के लिए लगातार वही पर सक्रिय हैं। हालांकि पार्टी के पुराने और अधिकांश बड़े नेता दतिया से दूर हैं।