नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को राहत देते हुए, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को हाई कोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें 2025 में रेव पार्टियों की इजाजत देने में कथित भूमिका के लिए कुल्लू के डिप्टी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और दूसरों के खिलाफ एसआईटी बनाने और एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया गया था. इस मामले की सुनवाई सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने की.
हालांकि, पीठ ने हाई कोर्ट के आदेश के उस हिस्से पर रोक लगाने से मना कर दिया जिसमें डिप्टी कमिश्नर (DC) अनुराग चंद्र शर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) मदन लाल को राज्य के दूसरे जिलों में ट्रांसफर करने का आदेश दिया था.
इस साल जून में, हाई कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बड़े पैमाने पर होने वाली रेव पार्टियों के आयोजकों और जिला अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ को गंभीरता से लिया.
हाई कोर्ट ने इसे जिला प्रशासन द्वारा “घोर आत्मसमर्पण का एक उत्कृष्ट मामला” कहा. हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को कुल्लू के डिप्टी कमिश्नर (DC), पुलिस अधीक्षक (SP) और सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट (SDM) का एक हफ़्ते के अंदर ट्रांसफर करने का निर्देश दिया.
हाई कोर्ट ने माना कि वे सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहे और कथित तौर पर पार्वती वैली में बड़े पैमाने पर रेव पार्टियों के आयोजन में मदद की. चीफ जस्टिस गुरमीत सिंह संधावालिया और जस्टिस बिपिन चंद्र नेगी की डिवीजन पीठ ने राज्य सरकार को तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी निर्देश दिया.