देहरादून: उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है. रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. वहीं, देहरादून में बारिश के बीच प्रेमनगर के नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर बने नए पुल को नुकसान पहुंचने की सूचना है.
रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी डेंजर लेवल के करीब पहुंच गई है. नदी का डेंजर लेवल 627 मीटर है, जबकि जलस्तर 626 मीटर तक पहुंच चुका है. भगवान शिव की एक मूर्ति जलमग्न हो गई है और नदी का पानी कुछ आवासीय इलाकों के पास तक पहुंचने लगा है.
प्रशासन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है. वहीं, बारिश के चलते रुद्रप्रयाग में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है. केदारनाथ हाईवे पर भी कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके कारण मौसम को देखते हुए यात्रा पर भी फिलहाल रोक लगा दिया गया है.
इस बीच, देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रेमनगर के नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर बने नए पुल को नुकसान पहुंचने की सूचना सामने आई है. बताया जा रहा है कि हाल ही में निर्मित यह पुल बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते देहरादून, विकासनगर और हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित हुआ है.
घटना के बाद पुल के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुल को कितना नुकसान हुआ है और इसके पीछे की वजह क्या है, इस पर प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. बता दें, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 2 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.