पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवार के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रचार की अपील वाले वीडियो को जन सुराज पार्टी के सूत्रधार एवं प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने डीपफेक बताया है। पीके ने दावा किया है कि नीतीश का वीडियो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से ‘बीमार’ नीतीश का फर्जी वीडियो बनाकर जनता को बरगला रही है। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी है कि वह जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के इस वीडियो को सही साबित कर दे, तो जन सुराज बांकीपुर उपचुनाव से पीछे हट जाएगी।
पटना शहर की बांकीपुर सीट पर चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में यह आरोप लगाया। उन्होंने मंगलवार को कहा कि कल एनडीए ने नीतीश कुमार की वीडियो अपील जारी की, वो सरासर फेक है। वह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश ने ऐसा कुछ बयान नहीं दिया है।
उन्होंने कहा, “बीजेपी की हालत यह हो गई है कि पहले प्रचार में एनडीए के 202 विधायकों, मंत्रियों, सांसदों, जीविका दीदियों और पूरे सरकारी तंत्र को लगा दिया। जिस नीतीश कुमार का चेहरा बिहार के सभी सरकारी और राजनीतिक पोस्टरों से हटा दिया था। अब हार के डर से नीतीश कुमार और उनके समर्थकों की मदद लेने के लिए उनका फेक वीडियो जारी किया, वो हास्यास्पद है। वीडियो को ध्यान से देखें तो वह एआई से बनाया हुआ है। वह नीतीश का ओरिजिनल वीडियो बयान नहीं है।”
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बीजेपी इतनी डरी हुई है, कि नीतीश कुमार का गलत वीडियो बनाकर आधिकारिक तौर पर जारी करवाया गया। पीके ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर जेडीयू अध्यक्ष का वीडियो सही है तो वह अपनी पसंद के किसी भी पत्रकार के सामने नीतीश कुमार से वो बयान दिलवा दीजिए। ऐसा होने पर जन सुराज पार्टी बांकीपुर चुनाव से दो दिन पहले ही अपनी दावेदारी वापस ले लेगी। पीके ने यह भी कहा कि भाजपा हार के डर से हताश हो चुकी है और बांकीपुर में हर पैंतरे अपना रही है।
बांकीपुर में 30 जुलाई को वोटिंग
बता दें कि जेडीयू और भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से हाल ही में नीतीश कुमार का एक वीडियो जारी किया गया है। उसमें वह बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में वोट डालने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है और 3 अगस्त को रिजल्ट आएगा। मंगलवार शाम के बाद चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इस उपचुनाव में भाजपा से नीरज सिन्हा, जन सुराज पार्टी से प्रशांत किशोर और आरजेडी से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। इनमें त्रिकोणीय मुकाबले के आसार नजर आ रहे हैं।