H-1B Visa: अमेरिका में भारतीय दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा एच -1 बी वीजा आवेदनों पर 100000 अमरीकी डॉलर का वार्षिक शुल्क लगाने की घोषणा पर हस्ताक्षर करने के बाद भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन सहायता नंबर जारी किया. अमेरिका में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आपातकालीन सहायता चाहने वाले भारतीय नागरिक मोबाइल नंबर +1-202-550-9931 पर कॉल और व्हाट्सएप कर सकते हैं. दूतावास ने कहा कि इस नंबर का इस्तेमाल केवल तत्काल आपातकालीन सहायता चाहने वाले भारतीय नागरिकों द्वारा किया जाना चाहिए, न कि नियमित वाणिज्य दूतावास संबंधी पूछताछ के लिए.
भारतीय तकनीकी पेशेवरों में फीस को लेकर बढ़ी चिंता
बता दें, अमेरिका में 72% के करीब एच-1बी वीजा भारतीयों को दिए जा रहे हैं, जिसके कारण अमेरिका के इस कदम से भारतीय तकनीकी पेशेवरों में चिंता हैं. अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वार्षिक शुल्क का लक्ष्य नए एच-1बी वीजा आवेदन हैं न कि मौजूदा धारकों या नवीनीकरण वाले. अधिकारी के अनुसार, वर्तमान में एच-1बी वीजा धारक व्यक्तियों, जिनमें भारत या विदेश जाने वाले लोग भी शामिल हैं को रविवार से पहले अमेरिका लौटने या 100000 डॉलर का भारी शुल्क अदा करने की आवश्यकता नहीं है. 100000 डॉलर केवल नए धारकों के लिए है मौजूदा धारकों के लिए नहीं.
भारत सरकार ने अपने सभी मिशनों/केंद्रों को सलाह दी है कि वे अगले 24 घंटों में अमेरिका वापस जाने वाले भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान करें. अमेरिकी एच1बी वीजा कार्यक्रम पर प्रतिबंधों के संबंध में एक बयान में विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों देशों के उद्योगों की नवाचार और रचनात्मकता में हिस्सेदारी है और उनसे आगे के लिए नए रास्ते निकालने पर परामर्श की उम्मीद की जा सकती है. बयान में कहा गया है कि सरकार ने अमेरिकी एच1बी वीजा कार्यक्रम पर प्रस्तावित प्रतिबंधों से संबंधित रिपोर्ट देखी हैं. इस उपाय के पूर्ण निहितार्थों का अध्ययन सभी संबंधित पक्षों द्वारा किया जा रहा है.