शाजापुर: मध्य प्रदेश के आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे 52 पर रविवार सुबह एक बस बेकाबू होकर पलट गई। इस घटना में बस में सवार एक महिला की मौत हो गई, वहीं 30 के करीब लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाजापुर में रविवार सुबह सुनेरा थाना क्षेत्र के पनवाड़ी में बस पलटने से भीषण हादसा हो गया। इसमें 40 वर्षीय एक महिला यात्री की मौत हो गई और 30 के करीब लोग घायल हो गए। बताया जा रहा कि बस गुजरात के जामनगर से दतिया के इंदरगढ़ की ओर जा रही थी। इस दौरान बस आनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही सुनेरा पुलिस व प्रशासनिक अमला एंबुलेंस 108 के साथ मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से बस में से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस, पुलिस वाहन और निजी गाड़ियों से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायल दतिया, शिवपुरी और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। मृतका की पहचान गायत्री पत्नी ओम प्रकाश, निवासी अकबरपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
घटना सुबह 5 बजे के करीब की बताई जा रही है। इस दौरान बस के ड्राइवर और क्लीनर दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बस को क्रेन की मदद से हटाया गया। हादसे के बाद भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर जाम लग गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। बस के ड्राइवर और क्लीनर ने शराब पी रखी थी। बस स्टाफ रास्ते में आपस में विवाद कर रहा था। हमने कई बार उन्हें समझाया कि आप शराब पीकर गाड़ी मत चलाओ, लेकिन वह नहीं माने वह तेज गति से गाड़ी चला रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस शुक्रवार को गुजरात के जामनगर से चली थी जो कि रविवार सुबह दतिया पहुंचनी थी।
एडिशनल एसपी अनिल मालवीय ने बताया कि जानकारी मिलते ही एसडीओपी, एसडीएम, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटाया गया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई थी। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर रवाना किया। जानकारी के अनुसार बस में सवार अधिकांश यात्री मजदूरी करने वाले थे, जो जामनगर से अपने गृहक्षेत्र लौट रहे थे।
दो कारें भिड़ी 2 लोगों की मौत
वहीं, दूसरी ओर एक अन्य घटना मे शनिवार रविवार दरम्यानी रात शाजापुर-आगर मार्ग पर ग्राम कतवारिया के पास दो कार की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों कारों के ड्राइवर की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किसान मांगीलाल शर्मा निवासी डोंगरगांव और वाहिद खां निवासी ग्राम दुपाड़ा के रूप में हुई है। मांगीलाल सब्जी लेकर मारुति ऑल्टो कार से शाजापुर मंडी आ रहे थे, जबकि वाहिद खां बलेनो कार से शुजालपुर से घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन उछलकर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।